आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी सिलेंडर की किल्लत पर गुरुवार को लखनऊ में सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सपाईयों ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए नाम नरेंदर, काम सरेंडर’ जैसे नारे जमकर लगाए। साथ ही केंद्र सरकार पर महंगाई को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। इस दौरान हजरतगंज पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। ये देखते ही कई कार्यकर्ता सड़क पर लेटकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने घसीट-घसीटकर गाड़ी में उन्हें भरकर उन्हें वहां से हटाया।
वहीं प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिस की गाड़ी की छत पर चढ़ गए। एलपीजी गैस सिलिंडर लेकर हजरतगंज चौराहे पर पहुंचे सपा नेताओं का कहना था कि रसोई गैस के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रदर्शन में शामिल सपा कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडर को प्रतीक बनाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कई कार्यकर्ता खाली सिलेंडर लेकर चौराहे पर पहुंचे और इसे आम लोगों की परेशानी का प्रतीक बताया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहें, जिससे घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उनका कहना था कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए रसोई गैस अब एक बड़ी आर्थिक चुनौती बनती जा रही है। प्रदर्शन में शामिल सपा नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा आम जनता के मुद्दों को उठाती रही है। साथ ही कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और रसोई गैस की कीमतें बढ़ने से महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, घरेलू सिलेंडर 60 व कमर्शियल 114 रुपये हुआ महंगा
इस दौरान सपा नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। फिलहाल ये विरोध प्रदर्शन सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए किया गया है, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।




















