आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से सियासती पारा से चढ़ने लगा है।आज कांशीराम की जयंती पर रविवार को इटावा में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शिवपाल ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए मौजूदा सरकार को ‘लुटेरी सरकार’ करार दिया। साथ ही 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की हुंकार भरी।
वहीं मीडिया से बातचीत में भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा नेता ने कहा कि “भगवान राम के राज में किसी के भी साथ कोई भेदभाव नहीं होता था, लेकिन आज भाजपा के शासनकाल में बड़े पैमाने पर भेदभाव किया जा रहा है।” सपा नेता ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि इस सरकार में बहुजन समाज और ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष के साथ भी सत्ता पक्ष द्वारा जमकर भेदभाव किया जा रहा है।
शिवपाल यादव ने पार्टी और पीडीए के कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर मजबूती से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह पीडीए से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है कि वे बहुजन समाज के उन तमाम परिवारों के घर-घर जाएं, जिनका इस सरकार में अपमान हुआ है या जिन्हें हाशिए पर धकेल दिया गया है। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ताओं को ऐसे लोगों से सीधा संपर्क कर उन्हें पूरा सम्मान देना चाहिए और अपने साथ जोड़ना चाहिए।
यह भी पढ़ें- शिवपाल की कार्यकर्ताओं से अपील, सपा सरकार बनाने के लिए मतभेद भुला बूथ स्तर पर जुट जाएं
वहीं भाजपा के पिछले दस सालों के कामकाज पर सवाल उठाते हुए शिवपाल ने कहा, “यहां से भाजपा को हटाइए, देखिए पिछले दस सालों में भाजपा ने इस जगह की क्या दुर्दशा कर दी है।” साथ ही मुख्य लक्ष्य स्पष्ट करते हुए शिवपाल ने कहा, “मैंने सबसे ज्यादा इसी बात पर जोर दिया है कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में इस बीजेपी की लुटेरी सरकार को सत्ता से हटाना है। हमें उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार लानी है और अखिलेश यादव को राज्य का मुख्यमंत्री बनाना है।”




















