पालम मेट्रो के पास इमारत में लगी भीषण आग, तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के सात सदस्यो की जिंदा जलकर मौत, दो लोग बिल्डिंग से कूदे

भीषण आग
बिल्डिंग से उठते धुंए के बीच लोगों को रेस्क्यू करती टीम।

आरयू वेब टीम। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लग जाने से तीन बच्चों सहित एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। जबकि आग से बचने के लिए दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी और उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस भीषण आग को देख इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया।

मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को सुबह करीब सात बजे पालम मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में घर पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल के 30 वाहन मौके पर भेजे गए और आग बुझाने तथा अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि डीएफएस के कर्मियों ने तीन बच्चों सहित सात लोगों को इमारत से बाहर निकाला, जिन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि आग की लपटों के कारण दो अन्य लोग इमारत से कूद गए थे। उनका फिलहाल अस्पताल में उपचार हो रहा है।

यह भी पढ़ें- प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में लगी भीषण आग, सेवादारों ने की लोगों से अभद्रता

डीएफएस के अनुसार, इमारत में एक ‘बेसमेंट’ और पांच मंजिलें थीं, जिसकी छत पर एक अस्थायी टीन की शेड बनी हुई थी। ‘बेसमेंट’, भूतल और पहली मंजिल का उपयोग कपड़े तथा सौंदर्य प्रसाधनों के भंडारण के लिए किया जा रहा था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल आवासीय इकाइयां थीं। टीम परिसर की तलाशी में लगी रही ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए।

यह भी पढ़ें- चारमीनार के पास लगी भीषण आग में आठ मासूमों समेत परिवार के 17 सदस्‍यों की दर्दनाक की मौत