“25 मार्च तक सभी जिलों में कराएं भूसे का टेंडर, कोई भी बजट नहीं हो सरेंडर”,पशुधन मंत्री ने अफसरों को दिया निर्देश

धर्मपाल सिंह
अफसरों को चेतावनी देते धर्मपाल सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। गर्मी आने के साथ ही योगी सरकार के मंत्री को सड़कों पर छुट्टा घूमने वाले गाय व सांडों की चिंता सताने लगी है। आज इसी क्रम में यूपी के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने विधान भवन स्थित कार्यालय में अफसरों को निर्देश देते हुए कहा कि अगामी 25 मार्च तक यूपी के सभी जिलों में भूसे का टेंडर हो जाना चाहिए। साथ ही बजट का कोई भी मद सरेंडर नहीं हो इसका खास ध्‍यान रखें।

गौ आश्रय स्थलों में निराश्रित गोवंश के भरण पोषण की स्थिति की समीक्षा बैठक में धर्मपाल सिंह ने कहा कि रबी फसल की कटाई के दृष्टिगत पशुओं के लिए सालभर तक भूसे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी जनपदों में अगामी 25 मार्च तक भूसे से संबंधित टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि आगामी ग्रीष्मऋतु में गर्मी एवं लू से बचाव हेतु गो आश्रय स्थलों में स्वच्छ पेयजल, चारा तथा त्रिपाल आदि की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये।

लापरवाही बरतने वाले पर होगी सख्त कार्यवाही

वहीं पशुधन मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न योजनाओं में बजट आंवटन तथा वित्तीय स्वीकृतियों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है अतः आंवटित बजट के सापेक्ष वित्तीय स्वीकृतियों को समय से निर्गत कराकर धनराशि का उपयोग सुनिश्चित किया जाये। किसी भी मद का बजट सरेंडर न होने पाए। उन्‍होंने चेतावनी देते हुए आगे कहा कि योजनाओं के लिए आवंटित बजट के खर्च में लापरवाही व उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध का शंखनाद कर बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्‍वरानंद, नहीं है सरकारी संतो की जरूरत

वहीं धर्मपाल सिंह ने आज यह भी निर्देश दिये कि प्रदेश में नस्ल सुधार एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम तथा बकरी पालन जैसी लाभार्थी परक योजनाओं की प्रगति में प्रभावी कदम उठाये जाये। पशुचिकित्साधिकारी गौ आश्रयस्थल पर जाकर गोवंश के उत्तम स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं औषधि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिन गौ आश्रय स्थलों में अव्यवस्था या गौवंश की देखभाल संबंधी कोई भी शिकायत संज्ञान में आए वहां तत्काल सुधार किया जाए।

30 केन्द्रों का लोकार्पण प्रस्तावित

बैठक में पशुधन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने मंत्री को विभाग की योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए आश्वस्त किया कि उनसे प्राप्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। अपर मुख्य सचिव पशुधन द्वारा अवगत कराया गया कि प्रदेश में 469 वृहद गो संरक्षण केन्द्रों का निर्माण पूर्ण हो गया है तथा 30 केन्द्रों का लोकार्पण प्रस्तावित है। पशुधन मंत्री द्वारा निर्माणाधीन 130 केन्द्रों का 15 मई, 2026 तक शत प्रतिशत निर्माण पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये है।

यह भी पढ़ें- शंकराचार्य अविमुक्तेश्‍वरानंद ने दी योगी आदित्‍यनाथ को बड़ी चुनौती, यूपी में हो रही गोहत्‍या पर 40 दिन में रोक लगा खुद को साबित करें हिंदू प्रेमी

बैठक में पीसीडीएफ के एमडी वैभव श्रीवास्तव, मेमपाल सिंह, निदेशक, प्रशासन एवं विकास, पशुपालन, राजेन्द्र प्रसाद, निदेशक, रोग नियन्त्रण एवं प्रक्षेत्र तथा  पीके सिंह, सीईओ, यूपी एलडीबी सहित अन्य अफसर मौजूद रहें।