आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में बढ़ती तपिश के बीच बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट लिया। देर शाम से नोएडा, गाजियाबाद आदि में झोंकेदार हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का यह बदलाव 21 मार्च तक जारी रहेगा। इस दौरान बारिश वाले क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। तेज हवाओं और बारिश के असर से प्रदेशभर में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के संकेत हैं।
गुरुवार को पश्चिमी यूपी व मध्यांचल के 23 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जबकि सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर समेत छह जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट है। बुधवार को बांदा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 19 मार्च से बदलाव के साथ 20 मार्च को प्रदेशभर में तेज हवाओं और बारिश का व्यापक असर देखने को मिलेगा। वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर व आस-पास के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है।
यह भी पढ़ें- मौसम विभाग ने जारी की UP के इन जिलों में ओले गिरने की चेतावनी
इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर बरेली, संभल, बदायूं व आस-पास के इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे वाली झोंकेदार हवाएं चलेंगी।
वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मधुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं व आस-पास के इलाकों में मौसम विभाग ने मेघगर्जन व वज्रपात की भी संभावना जताई है।




















