नहीं हुआ आज चांद का दीदार, परसों मनाई जाएगी ईद

चांद का दीदार
चांद देखने की कोशिश करते मौलाना।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रोजा अफ्तार के बाद राजधानी लखनऊ में टीले वाली मस्जिद से लोग ईद का चांद देखने चढ़े, लेकिन काफी देर देखने के बाद भी चांद का दीदार नहीं हो सका। जिसके बाद कल फिर से अलविदा की नमाज अदा की जाएगी।

ऐशबाग स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में ईदगाह इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने धर्म गुरुओं के साथ चांद देखने की कोशिश की। मौलाना ने बताया कि गुरुवार को चांद नजर नहीं आया। अब शुक्रवार को अलविदा की नमाज और अंतिम रोजा होगा। 21 मार्च को देशभर में ईद मनाई जाएगी।

साथ ही मौलाना ने बताया कि आसमान साफ होने के बाद भी चांद नजर नहीं आया। देश के अन्य किसी हिस्से से भी चांद के नजर आने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बाद इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की तरफ से ये फैसला लिया गया कि शुक्रवार को 30वां रोजा होगा। शनिवार को ईद मनाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- मौलाना फिरंगी महली की अपील, आइ लव मोहम्मद अभियान रोक पेश करें भाईचारे की मिसाल

मौलाना ने कहा कि ईद की नमाज को लेकर इस्लामिक सेंटर आफ इंडिया की तरफ से गाइडलाइन जारी की गई है। नमाज अदा करने के लिए लोग अधिक संख्या में समय पर ईदगाह पहुंचे। ईद की नमाज से पहले ही फितरा अदा करें। अच्छे माहौल में ईद मनाएं। ईद का दिन वर्ल्ड पीस के रूप में मनाया जाएगा। भारत समेत पूरे विश्व में शांति के लिए दुआ की जाएगी। मिडिल ईस्ट में जो युद्ध हो रहा है। उसका ईद से कोई संबंध नहीं है। ईद एक धार्मिक सेलिब्रेशन है जो हर साल जैसे मनाई जाती थी वैसे ही मनाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- आयतुल्लाह खामेनेई की शहादत पर सैफ अब्बास की अपील, काली पट्टी बांध अदा करें ईद की नमाज