अखिलेश का ऐलान, सपा सरकार में मिलेगी महिलाओं को 40 हजार पेंशन, ग्रीन कॉरिडोर पर भी उठाया सवाल

अखिलेश यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कई बड़े ऐलान किए हैं। साथ ही अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर 2027 में समाजवादी सरकार आएगी तो महिलाओं को 40 हजार रुपये पेंशन देंगे।

इस दौरान लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय सभागार में महिलाओं का सम्मानित भी किया। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा, ”अगर समाज देश को देखना हो तो वहां की महिलाओं की स्थिति पता लग जाये तो इससे सब पता चल जायेगा। नेता जी ने कन्या विद्या धन योजना की शुरुआत की थी। आगे जब मौका मिलेगा तब पहले से बेहतर योजना लाने का काम करेंगे। रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर योजना शुरू करके माताओं बहनों का सम्मान करने का काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- LPG सिलेंडर लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, लगाए नाम नरेंदर, काम सरेंडर के नारे

अखिलेश ने कहा कि पीडीए की सबसे बड़ी ताकत आधी आबादी है और पीडीए के माध्यम से आधी आबादी का सम्मान करने का काम करेंगे। समाजवादी सरकार में रानी लक्ष्मीबाई सम्मान शुरू किया था जिसमें कई महिलाओं का सम्मान किया गया था। वहीं यूपी में मौजूदा सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सवाल पूछने पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने नवरात्र में दिन तय किया है।

ग्रीन नहीं, बनाया बर्बाद कॉरिडोर

सपा मुखिया ने आज एक बार फिर ग्रीन कॉरिडोर को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के डिफेंस मिनिस्टर कोशिश करते हैं लखनऊ के लिए, लेकिन देश के मुख्यमंत्री ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बल्कि बर्बाद कॉरिडोर बनाया है। उन्होंने कहा, ”ग्रीन कॉरिडोर पर पैदल चलने वालों के लिए जगह नहीं है। मानक के खिलाफ सड़क डिजाइन हुई है। लोहिया पथ आठ लेन है इनका ग्रीन कॉरिडोर कभी ग्रीन नहीं होगा। सात हजार करोड़ का बन रहा है, इससे कम पैसे में आठ लेन बन सकता था।”

ला एंड ऑर्डर की हुई हत्या

वहीं प्रदेश में अपराध की घटनाओं और कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर हत्याकांड पर कहा कि कोई है जिसके दबाव में थाने से छोड़ा गया। गोरखपुर में ला एंड ऑर्डर की हत्या हुई। सपा प्रमुख ने ये भी कहा, ”बनारस में छात्र को सरेआम गोली मार दी गयी। बदायूं में भी घटना हुई। मथुरा में साधु संत की हत्या हुई, दोषी कौन है, पुलिस दोषी है, ला एंड ऑर्डर के अलावा सब कर रही। जनता से अपील है कि इस सरकार को हटाएं, इसे हटाए बिना ला एंड ऑर्डर सही नहीं हो सकता।”

पैसा देकर बना रहे फिल्म

सपा प्रमुख ने कहा कि पैसा देकर फिल्म बना रहे हैं, दूसरे दल को बदनाम कर रहे हैं। लगता है कि ज्यादा पैसा फिल्म इंडस्ट्री मुंबई को भेज रहे हैं, जहां जहां भाजपा की सरकार है वहां एनसीआरबी का आंकड़ा है कि सबसे ज्यादा महिलाओं में असुरक्षा की भावना वहीं पर है। महिलाओं के सम्मान और समृद्धि के लिए काम किया है अगर आगे अगर मौका मिला तो उसी तरह सम्मान दिलाएंगे।

यह भी पढ़ें- सड़क धंसने पर बोले अखिलेश, ग्रीन कॉरिडोर में हुए भ्रष्‍टाचार ने उद्घाटन के फूल सूखने से पहले दिखा दिया अपना रंग