आरयू ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू करने के एक दिन बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने इसे लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। यूपी की सत्ता से करीब 14 सालों से बाहर चल रहीं मायावती ने रविवार को कहा है कि अगर कांग्रेस की तत्कालीन केंद्र सरकार रोड़ा नहीं अटकाती तो उन्हीं की बसपा सरकार में नोएडा एयरपोर्ट शुरू हो गया होता। साथ ही मायावती ने सपा की पिछली सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कई आरोप लगाएं हैं।
यूपी की पूर्व सीएम ने आज अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि काफी लम्बे इंतजार के बाद जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का कल उद्घाटन हुआ, जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी जरूरी बुनियादी कार्य बीएसपी की मेरी सरकार में ही शुरू हो गये थे।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मायावती ने आगे कहा कि इतना ही नहीं बल्कि उस समय केंद्र में रही कांग्रेस सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह, काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता।
सपा सरकार का समय कार्यों को निष्क्रिय बनाने में बीता
वहीं यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मायावती ने कहा कि जहां तक सपा सरकार का सवाल है तो इनका ज्यादातर समय उत्तर प्रदेश की गरीबी व पिछड़ेपन आदि को दूर करने के लिए विकास के ठोस कार्य करने की जगह ख़ासकर बी.एस.पी. सरकार द्वारा समाज के कमज़ोर तबको के हित, कल्याण व उनके उत्थान हेतु लिये गये ऐतिहासिक फैसलों व किये गये महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय बनाने में बीत गया।
यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट की नींव रख PM मोदी ने कहा, देश-विदेश को सर्विस व सैकड़ों युवाओं को उपलब्ध होगा रोजगार
बसपा सुप्रीमो ने सपा पर हमला जारी रखते हुए यह भी कहा कि सपा सरकार बहुजन समाज में जन्में महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों के आदर-सम्मान में निर्मित शिक्षण व मेडिकल संस्थानों व जिले आदि का नाम बदलने व उनके नाम पर बने स्थलों, स्मारकों, एवं पार्कों आदि की अनदेखी व उपेक्षा करने के नकारात्मक, जातिवादी व राजनीतिक द्वेष में ही ज़्यादातर समय लगी रही, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है।
मोदी-योगी का नाम लिए बिना कहा, आयरन नेतृत्व पर भरोसा करें
भाजपा सरकारों की कार्यप्रणाली, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिना नाम लिए मायावती ने यूपी की जनता से एक अपील भी आज की है। मायावती ने कांग्रेस व सपा निशाना साधते हुए कहा कि इन सबके मद्देनज़र यूपी की जनता से अपील है कि वे विरोधी पार्टियों की छलावापूर्ण राजनीति व बहकावे में ना आकर बी.एस.पी. के ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त में विश्वास रखते हुये अपने व प्रदेश के विकास के लिए बी.एस.पी. के आयरन नेतृत्व (मायावती) पर ही भरोसा करें।




















