अब चार अप्रैल तक होगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन, सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी

यूपी बोर्ड
फाइल फोटो

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। एग्जाम के बाद रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों को अभी और वेट करना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब चार अप्रैल कर दी है। सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं।

दूसरी ओर, लखनऊ मंडल के लखीमपुर खीरी, सीतापुर और रायबरेली में मूल्यांकन कार्य शतप्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि लखनऊ में राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शाहमीना रोड में भी मंगलवार को मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया गया। यहां तक कि मंडल के 17 मूल्यांकन केंद्रों पर काम समाप्त हो चुका है और अब केवल छह केंद्रों पर एक दिन का कार्य शेष है।

जानकारी के मुताबिक बीते दिन को 60,925 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। अब तक कुल 22,93,157 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी हो चुकी है। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में मंडलीय कंट्रोल रूम लगातार निगरानी कर रहा है। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार, मंगलवार तक 99.52 प्रतिशत मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। मंडल को प्राप्त 23,04,082 उत्तर पुस्तिकाओं में से 22,93,157 का मूल्यांकन किया जा चुका है।

जिलावार स्थिति में लखनऊ में 5,59,797 कॉपियां जांची गईं, 5,951 शेष हैं। उन्नाव में 3,33,461 का मूल्यांकन हुआ, 4,581 बाकी हैं, जबकि हरदोई में 3,69,600 कॉपियों का मूल्यांकन कर केवल 393 शेष रह गई हैं। जिसके पूरे होने के बाद यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 आधिकारिक वेबसाइट  http://upmsp.edu.in पर जारी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- UPSSSC ने घोषित किया लेखपाल-जेई मेंस एग्जाम की डेट

कुछ जिला स्कूल निरीक्षकों और मूल्यांकन केंद्रों के उप-नियंत्रकों ने मूल्यांकन की अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया था। बोर्ड ने कहा है कि निर्धारित तिथि तक सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निष्पक्ष तरीके से पूरा करना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, अवार्ड के लिफाफों को क्षेत्रीय कार्यालय में पांच अप्रैल 2026 को प्राप्त कराया जाना सुनिश्चित करना होगा। यूपी बोर्ड की कक्षा दस और 12 के परिणाम अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक जारी होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी, देखें टॉपर की लिस्‍ट