नाका के इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का समान जलकर खाक

लगी आग
गोदाम में लगी आग बुझाते फायर ब्रिगेड कर्मी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नाका हिंडोला इलाके में मंगलवार को इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में भीषण आग लग गई। अचानक से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख इलाके में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था।

मिली जानकारी के मुताबिक आज नाका इलाके में जब बाजार पूरी तरह खुला नहीं था, तभी महिमा इलेक्ट्रॉनिक सहित दो गोदामों में अचानक आग लग गई है। जिससे इलाके में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत डायल-112 और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। आग की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशनों से दो-दो गाड़ियां कुल चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

​एफएसओ राम कुमार राठव के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला, लेकिन बंद शटर बाधा बन रहे थे। पहले बाहर से ही पानी की बौछारें डालकर धुएं और ताप को कम करने की कोशिश की गई। जब धुआं थोड़ा कम हुआ, तो दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही सही जानकारी होगी।

यह भी पढ़ें- दर्दनाक: ट्रक से टक्कर के बाद प्राइवेट बस में लगी आग, 14 यात्रियों की जलकर मौत, कई की हालत गंभीर

गनीमत रही कि हादसे के समय गोदाम के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाका के महिमा इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने 40 मिनट की मशक्कत और शटर तोड़कर आग बुझाई। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी