सुलतानपुर रोड से कनेक्ट होगा ग्रीन कॉरिडोर, 33 करोड़ से बनेगी फोर लेन रोड

ग्रीन कॉरिडोर
प्रोजेक्‍ट के बारे में अभियंताओं से जानकारी लेते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बार-बार मिट्टी धंसने व अंधकार में डूबने  समेत अन्‍य सवालों से घिरा लखनऊ विकास प्राधिकरण के ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्‍ट में एक नई सड़क और जोड़ी जायेगी। 33 करोड़ में तैयार होने वाली यह फोर लेन रोड ग्रीन कॉरिडोर को सुल्‍तानपुर रोड से कनेक्‍ट करेगी। यह रोड आर्मी लैंड से मरी माता मंदिर तक बनायी जाएगी। इससे गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना अब राहगीरों के लिए आसान होने की बात एलडीए कह रहा है।

यह भी पढ़ें- 13 मार्च को होगा बहुप्रतीक्षित ग्रीन कॉरिडोर फेज-टू का उद्घाटन, मिट्टी खिसकने की बात भी आयी सामने

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को अपनी टीम के साथ स्थल निरीक्षण कर फोर लेन सड़क का काम जल्‍द ही शुरू करने का इंजीनियरों को निर्देश दिया है। निरीक्षण के बाद उपाध्यक्ष ने मीडिया से कहा है कि ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे चरण के अंतर्गत पिपराघाट से शहीद पथ के बीच बंधा एवं सड़क निर्माण, फ्लाईओवर व ब्रिज का कार्य कराया जा रहा है। इस रूट को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर को सुलतानपुर रोड से सीधे कनेक्ट करने का भी कार्य कराया जाएगा। जिसके लिए आर्मी लैंड पर निर्माणाधीन ग्रीन कॉरिडोर से सुलतानपुर रोड स्थित मरी माता मंदिर तक सड़क बनायी जाएगी। करीब 18 सौ मीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में लगभग 33 करोड़ एलडीए खर्च करेगा।

यह भी पढ़ें- सड़क धंसने पर बोले अखिलेश, ग्रीन कॉरिडोर में हुए भ्रष्‍टाचार ने उद्घाटन के फूल सूखने से पहले दिखा दिया अपना रंग

बड़ी आबादी को होगा फायदा: प्रथमेश कुमार

उपाध्यक्ष ने बताया कि फोर लेन सड़क निर्माण के लिए टेंडर के माध्यम से कार्यदायी संस्था का चयन कर लिया गया है। जल्द ही स्थल पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा, जिसके लिए संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया है।

वीसी ने यह भी कहा कि ग्रीन कॉरिडोर से सुलतानपुर रोड के मध्य यह नया रूट बनने से पुलिस मुख्यालय, ओमैक्स, इमार टाउनशिप समेत गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना आसान होगा और बड़ी संख्या में लोग लाभन्वित होंगे।

यह भी पढ़ें- ग्रीन कॉरिडोर निर्माण के तीसरे फेज में गड़बड़ी रोकने को एलडीए वीसी ने किया निरीक्षण, दिलकुशा रोड चौड़ीकरण का भी दिया निर्देश

15 जून तक पूरा होगा डालीगंज ROB

ग्रीन कॉरिडोर के अंतर्गत पक्का पुल से डालीगंज के बीच बन रहे डेढ़ किलोमीटर लंबे आरओबी/फ्लाईओवर का भी उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया है। इस दौरान इंजीनियरों ने उन्हें बताया कि रेलवे से एनओसी मिल चुकी है। जिस पर उपाध्यक्ष ने 15 जून तक आरओबी का निर्माण पूरा कराकर कनेक्टिविटी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। इस आरओबी के चालू होने से खदरा, सीतापुर रोड, चौक, हुसैनाबाद, बसंतकुंज की आबादी को फायदा मिलने की उम्मीद की जा रही है।

यह भी पढ़ें- कमिश्‍नर रोशन जैकब के औचक निरीक्षण में सुस्‍त मिला ग्रीन कॉरिडोर व PMAY का काम, दो ठेकेदारों पर लगा जुर्माना, EE की रोकी सैलरी