LSG vs GT: गुजरात टाइटंस ने लखनऊ को सात विकेट से दी मात

आइपीएल
जीत का जश्न मनाने खिलाड़ी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। आइपीएल 2026 के 19वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को सात विकेट से हरा दिया है। लखनऊ ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 164 रन बनाए थे। गुजरात की टीम ने 165 रन के इस लक्ष्य को 18.4 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ गुजरात ने सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। वहीं दूसरी तरफ लखनऊ की टीम को इस सीजन में दूसरी बार हार मिली है। गुजरात की इस जीत में जोस बटलर और कप्तान शुभमन गिल का अहम योगदान रहा।

मैच की शुरुआत में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। कप्तान का यह फैसला टीम के लिए एकदम सही साबित हुआ। लखनऊ की शुरुआत खराब रही और मात्र 14 रन के स्कोर पर उनका पहला विकेट गिर गया। इसके बाद भी लखनऊ के बल्लेबाज कोई विशाल साझेदारी नहीं कर पाए। निरंतर अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टीम की शुरुआत बहुत अच्छी रही। जोस बटलर ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 37 गेंदों पर 60 रन बनाए।

यह भी पढ़ें- CSK को बड़ा झटका, महेंद्र सिंह धोनी हुए बाहर, नहीं खेल पाएंगे IPL का शुरुआती मुकाबला

उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके लगाए। वहीं कप्तान शुभमन गिल ने भी जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों पर 56 रन बनाए। गिल ने छह चौके और एक छक्का लगाया। इन दोनों की पारियों ने टीम की जीत पक्की कर दी। वहीं दूसरी पारी में लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाज मैच में कोई प्रभाव नहीं डाल सके। गुजरात के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ आसानी से रन बनाए। लखनऊ की ओर से गेंदबाजी में केवल मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी को ही सफलता मिली। इन तीनों ने एक-एक विकेट लिया। बाकी सभी गेंदबाज विकेट लेने में असफल रहे और गुजरात ने यह मैच अपने नाम कर लिया।

लखनऊ के लिए एडन मार्करम की पारी

लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। टीम के लिए एडन मार्करम ने सबसे अधिक 30 रन बनाए। उन्होंने 21 गेंदों का सामना किया और अपनी इस तेज पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनके अलावा बाकी सभी बल्लेबाज गुजरात की सटीक गेंदबाजी के सामने रन बनाने के लिए काफी संघर्ष करते नजर आए।

मैच में बेहतरीन प्रदर्शन

गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में केवल 28 रन दिए और चार अहम विकेट अपने नाम किए। अशोक शर्मा ने भी उनका अच्छा साथ निभाते हुए चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिए मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को भी एक-एक विकेट मिला।

यह भी पढ़ें- IPL 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी, इकाना में होगा सात मुकाबला, वेस्‍टइंडीज से मैच की भी लखनऊ करेगा मेजबानी