‘खत्म हुआ UP में माफियाराज’, पासिंग आउट परेड में CM योगी ने किया दावा

पासिंग आउट परेड
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस की पासिंग आउट परेड की सलामी ली और नव आरक्षियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सीएम ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले जवानों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने परेड में शामिल महिला आरक्षियों के प्रदर्शन की खास तौर पर तारीफ की। साथ ही कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और पुलिस बल में उनकी भागीदारी राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में अब माफियाराज समाप्त हो चुका है और दंगों पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और माफिया व अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नई भर्ती से पुलिस बल और अधिक मजबूत होगा तथा अपराध पर नियंत्रण और प्रभावी तरीके से किया जाएगा। आगे कहा कि पुलिस बल की सबसे बड़ी ताकत अनुशासन है। “ट्रेनिंग में जितना पसीना बहेगा, उतना कम खून बहेगा”। इस सिद्धांत के साथ तैयार यह बल प्रदेश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित किए जा चुके हैं।

यह भी पढ़ें- स्वामी विवेकानन्द पर सीएम योगी के बयान को अजय राय ने बताया इतिहास व महापुरुषों के सम्मान से खिलवाड़

इसके अलावा पीएसी की तीन महिला बटालियन का गठन किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। साथ ही कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और सशक्त व्यवस्था के चलते पुलिस बल का मनोबल काफी ऊंचा हुआ है और प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना है। इस अवसर पर प्रदेश पुलिस बल में एक साथ 60,244 नए सिपाही शामिल हुए, जिन्हें औपचारिक रूप से शपथ दिलाई गई। सभी नवआरक्षियों ने संविधान, राष्ट्र सेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की शपथ ली।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने नर्सिंग अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, गिनाईं उपलब्धियां