जापान में फिर भूकंप से कांपी धरती, 6.2 रही तीव्रता

जापान में भूकंप

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। जापान के उत्तरी हिस्से में सोमवार को लोगों ने तेज भूकंप के झटके महसूस किए। जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने घरों से बाहर भागे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई। इस भूकंप की तीव्रता करीब 6.2 बताई गई है।

बताया जा रहा है कि यह भूकंप सोमवार भोर में करीब 5:24 बजे (जापान समय) आया। जापान मौसम विज्ञान के मुताबिक, इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। इसलिए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को फिलहाल चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि प्रभावित क्षेत्रों में भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोगों को खड़े रहने में कठिनाई हुई और कुछ जगहों पर सामान गिरने की घटनाएं सामने आईं।

अमेरिका की भूवैज्ञानिक संस्था (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जापान के उत्तरी मुख्य द्वीप होक्काइडो में साराबेत्सु नाम के छोटे शहर से करीब 18 किलोमीटर पश्चिम में था। यह भूकंप जमीन के अंदर लगभग 81 किलोमीटर की गहराई पर आया। यूएसजीएस ने इसकी तीव्रता 6.1 मापी, जो कि थोड़ी कम है।

जापान दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं, क्योंकि यह इलाका भूकंपीय रूप से काफी सक्रिय है। यहां छोटे-बड़े झटके आना आम बात है और सरकार लगातार इन पर नजर रखती है, ताकि किसी बड़े खतरे या आफ्टरशॉक की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

यह भी नढ़ें- भूकंप के तेज झटकों से दहला रूस, अमेरिका-जापान में सुनामी की चेतावनी जारी

यह भूकंप ऐसे समय पर आया है, जब कुछ ही दिन पहले इस क्षेत्र में 7.7 तीव्रता का एक बड़ा भूकंप आया था। उस घटना के बाद जापान के अधिकारियों ने उत्तर-पूर्वी तटीय इलाकों में बड़े भूकंप की संभावना को लेकर सतर्कता बढ़ा दी थी। फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दे रहा है।

यह भी पढ़ें- तेज भूकंप से कांपा जापान, सुनामी की चेतावनी जारी