आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानमंडल में गुरुवार को विशेष सत्र में महिला आरक्षण (संशोधन) विधेयक पर चर्चा की गई। इस विशेष सत्र में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। साथ ही कहा,”आप (कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ) आधी आबादी की गरिमा, सम्मान और उत्थान के लिए उठाए जाने वाले किसी भी प्रगतिशील कदम का विरोध करते हैं। आपका आचरण 16 और 17 अप्रैल को लोकसभा में देखने को मिला। ये सदन सपा महिला विरोधी आचरण का गवाह है।” इस दौरान योगी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन उनके आचरण को देखकर गिरगिट भी शर्मा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि सपा की सरकार में वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं में आधा पैसा बिचौलियों द्वारा खा लिया जाता था। पहली बार भाजपा सरकार ने पूरे देश में 30 करोड़ जनधन खाते खोले, जिसका विपक्ष ने जोरदार विरोध किया था। योगी ने कहा,”जब 2017 में उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आई तो हमने प्रदेश में 1.5 वर्ष के अंदर 2 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए थे। आप लोग तब हंसते थे कि शौचालय से क्या होगा?
हमला जारी रखते हुए योगी ने कहा कि आप खुद को समाजवादी कहते हैं मगर आप लोग आधी आबादी की प्रगति और गरिमा के लिए संवेदनशील नहीं दिखाई देते हैं। आप लोगों ने यहां रंग बदल लिया है। आप लोग कह रहे हैं कि 33 प्रतिशत आरक्षण होना चाहिए तो फिर सदन में विरोध क्यों किया? भारत में चार करोड़ गरीबों को गरीब आवास का लाभ मिला है।”
यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण बिल पर CM योगी ने कहा, ये देश के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय
वहीं आदित्यनाथ ने कांग्रेस शासन का जिक्र करते हुए कहा,”कांग्रेस के समय में एलपीजी के सिलेंडर नहीं मिलते थे, डंडे जरूर मिल जाते थे। अब देश में दस करोड़ महिलाओं को एलपीजी के मुफ्त कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। देश में 50 करोड़ महिलाओं को पांच लाख रुपये तक की आयुष्मान भारत योजना के तहत सुविधा का लाभ भी प्रधानमंत्री ने दिया। 80 करोड़ लोग मुफ्त में राशन की सुविधा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।




















