आरयू वेब टीम। भारतीय कुश्ती की स्टार पहलवान और ओलंपियन विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एक बार फिर मोर्चा खोलते हुए बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। रविवार को विनेश ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने वाली छह महिला पहलवानों में वह खुद भी शामिल हैं। साथ ही विनेश ने आगामी टूर्नामेंट के आयोजन स्थल पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार को भी निशाने पर लिया है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक भावुक वीडियो में विनेश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार पीड़ितों की पहचान गुप्त रखी जाती है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों ने उन्हें सच बोलने पर मजबूर कर दिया है। साथ ही बताया कि भाजपा के पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ जो मामला अदालत में विचाराधीन है, उन छह पीड़ितों में से एक मैं भी हूं। मेरी गवाही कोर्ट में चल रही है। अब तक गरिमा बनाए रखने के लिए मैंने यह बात सार्वजनिक नहीं की थी, लेकिन अब देश को सच्चाई पता होनी चाहिए।
वहीं उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित होने वाले ‘सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट’ पर आपत्ति जताते हुए विनेश ने कहा कि वह स्थान बृजभूषण का गढ़ है। वहां उनका निजी कॉलेज है और पूरा इलाका उनके प्रभाव में है। इस दौरान विनेश ने आशंका जताई कि ऐसे माहौल में उनके लिए निष्पक्ष रूप से मुकाबला करना असंभव होगा। आगे कहा कि जिस व्यक्ति ने हमारा शोषण किया, उसके घर में जाकर कुश्ती लड़ना किसी भी महिला खिलाड़ी के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से डरावना अनुभव है। वहां मेरे साथ कुछ भी गलत हुआ, तो इसकी सीधी जिम्मेदार भारत सरकार होगी।
इस दौरान विनेश ने खेल मंत्रालय और सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे बृजभूषण को ‘फ्री हैंड’ दे दिया गया है। वहीं विनेश ने आरोप लगाया कि टूर्नामेंट में कौन सा रेफरी जाएगा, किसे कितने अंक दिए जाएंगे और किसे जीतवाया या हरवाया जाएगा ये सब आज भी बृजभूषण और उनके करीबियों के इशारे पर तय होता है। इन सब के बाद भी सरकार मूकदर्शक बनी हुई है और खिलाड़ियों की मेहनत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- ओलंपिक में विनेश फोगाट को डिसक्वालीफाई कराने के पीछे गहरी साजिश की आशंका, उठ रही जांच की मांग
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसे माहौल में किसी खिलाड़ी का वजन निष्पक्ष तरीके से चेक होगा या उसकी मेहनत का सही परिणाम मैट पर दिखेगा? इसके अलावा विनेश ने वीडियो में अपनी वापसी का जिक्र कर कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से कुश्ती की मैट से दूर थीं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह जी-तोड़ मेहनत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मैं चाहती हूं कि परमात्मा के आशीर्वाद और देशवासियों के सहयोग से फिर से तिरंगे का मान बढ़ाऊं और देश के लिए पदक जीतूं। मेरी टीम पूरी ईमानदारी से तैयारी कर रही है, लेकिन व्यवस्था की खामियां हमारे हौसलों को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं।
बता दें कि जनवरी 2023 में विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर ऐतिहासिक धरना शुरू किया था। पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर महिला खिलाड़ियों के शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे।




















