आरयू ब्यूरो, लखनऊ। स्मार्ट मीटर की बढ़ती महंगाई के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज स्थित शक्ति भवन के गेट पर रविवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पीले दुपट्टे और आप की टोपी पहने कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर शक्ति भवन के गेट पर सड़क पर बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की जिद पर अड़ गए। इस पर उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
जानकारी के मुताबिक स्मार्ट मीटर के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शक्ति भवन पहुंचे। वहां से नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। वहीं स्मार्ट मीटर स्मार्ट धोखा है, लूट की नीति बंद करो और बिजली हमारी हक हमारा स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए जैसे लिखे पोस्टर और तख्ती लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने श्रीराम टावर के पास रोक लिया। जहां आप नेता व कार्यकर्ता आगे बढ़ने की जिद पर अड़ गए। इस पर उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। घसीटते हुए गाड़ी में बैठाकर ईको गार्डन ले गई।
पांच गुना अधिक आ रहा बिल
इस दौरान प्रदर्शन में शामिल आप के ऑटो विंग प्रदेश अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह ने पगड़ी नोच कर अपमानित करने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि हम जनता के लिए सड़क पर उतरे हैं, मगर पुलिस हमारे साथ अभद्रता कर रही है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के द्वारा उनकी पगड़ी को नोच कर खोल दिया गया। उन्हें जमीन पर घसीटा गया। आगे कहा कि पगड़ी हमारा सम्मान है, जिसे उतार कर पुलिस ने पहचान और हमारे धर्म का अपमान किया है। ये स्मार्ट मीटर लूट का स्मार्ट तरीका है। रिचार्ज होने के बाद भी मीटर बंद और बत्ती गुल हो जाती है। पांच गुना अधिक बिल आ रहा है। जनता त्रस्त हो चुकी है। पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर से हाहाकार मचा हुआ है।
स्मार्ट मीटर के नाम पर किया जा रहा गुमराह: इरम
वहीं जिला अध्यक्ष इरम ने कहा कि स्मार्ट मीटर धोखा है। स्मार्ट मीटर के नाम पर हम सभी लोगों को गुमराह किया जा रहा है । स्मार्ट मीटर से स्मार्ट तरीके से जनता को लूटने का काम हो रहा है। जबरदस्ती घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो हमें स्वीकार नहीं है। इसके खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और जब तक स्मार्ट मीटर लगना बंद नहीं हो जाएगा विरोध चलता रहेगा। आप आम आदमी के लिए संघर्ष कर रही है।




















