आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी 11 मई से 31 मई तक कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट आयोजित करने जा रही है। एग्जाम से पहले एजेंसी ने छात्रों के लिए गाइडलाइन जारी किए हैं, ताकि परीक्षा केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी न हो। एनटीए ने खास तौर पर ड्रेस कोड, परीक्षा केंद्र पर ले जाने वाली वस्तुओं और रिपोर्टिंग समय को लेकर सलाह दी है।
ये एग्जाम देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य भागीदार संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। ऐसे में उम्मीदवारों को नियमों का पालन करना बेहद जरूरी होगा। सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा 37 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी। इसके जरिए छात्रों को केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों में एडमिशन मिलेगा। प्रवेश पूरी तरह मेरिट, पात्रता, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और संबंधित विश्वविद्यालयों के नियमों के आधार पर होगा।
वहीं एनटीए ने छात्रों को हल्के और आरामदायक कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र आने की सलाह दी है। अगर किसी स्टूडेंट को ऊनी कपड़े पहनने की जरूरत हो तो उसे पहले से सेंटर पर इसकी जानकारी देनी होगी ताकि जांच प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सके। साथ ही प्रत्याशी
सामान्य जूते, चप्पल या कम हील वाले फुटवियर पहन सकते हैं। धार्मिक धागे जैसे कलावा पहनने की भी अनुमति दी गई है। वहीं धार्मिक प्रतीक या वस्तुएं पहनने वाले छात्रों को समय से पहले पहुंचना होगा ताकि सुरक्षा जांच की जा सके।
यह भी पढ़ें- NTA ने फिर बदली JEE मेंस एग्जाम की तारीख
इसके अलावा परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवार पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं। जबकि एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी दो पासपोर्ट साइज फोटो और सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना एडमिट कार्ड किसी भी छात्र को एंट्री नहीं मिलेगी। इस दौरान एनटीए ने उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। एग्जाम शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।




















