योगी सरकार के मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, इन आठ चेहरों को भी मिली चुनाव से पहले जगह

मंत्रिमंडल का विस्तार
मंत्रिमंडल में शामिल नेता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के नजदीक आने के साथ ही योगी की सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। रविवार दोपहर राजभवन स्थित गांधी सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। जिसमे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छह नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

शपथ लेने वाले नेताओं में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत शामिल हैं। इनमें हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्य मंत्री बनाया गया है। वहीं अन्य नेताओं को कैबिनेट और स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारियां दी गई हैं।

माना जा रहा है कि भाजपा ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए ओबीसी, दलित और ब्राह्मण वोट बैंक को साधने की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया है। जिनमें भूपेंद्र चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभावशाली जाट नेताओं में गिने जाते हैं। 55 वर्षीय भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद क्षेत्र से आते हैं और जाट समाज में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे पहले पंचायती राज विभाग में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

जबकि मनोज पाण्डे रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं। वे सपा के पूर्व नेता रहे हैं और लगातार तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं। ब्राह्मण समाज से आने वाले मनोज पांडे अखिलेश यादव सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। रायबरेली की राजनीति में उनका खास प्रभाव माना जाता है।

इसके अलावा कृष्णा पासवान फतेहपुर जिले की खागा सीट से विधायक हैं और भाजपा की प्रमुख दलित महिला चेहरों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक चार बार विधानसभा चुनाव जीता है। वहीं हंसराज विश्वकर्मा का राजनीतिक सफर एक बूथ कार्यकर्ता से शुरू होकर मंत्रिमंडल तक पहुंचा है। विश्वकर्मा समाज से आने वाले हंसराज को ओबीसी वर्ग में पार्टी का मजबूत चेहरा माना जाता है।

यह भी पढ़े- जनगणना के पहले चरण का शुभारंभ कर CM योगी ने कहा, जनसंख्या की गिनती विकास का मजबूत आधार

कैलाश राजपूत कन्नौज की तिर्वा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। 67 वर्षीय कैलाश राजपूत लोधी समाज से आते हैं और ओबीसी वर्ग में भाजपा के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। साथ ही सुरेंद्र दिलेर इस मंत्रिमंडल विस्तार के सबसे युवा चेहरों में शामिल हैं। 31 वर्षीय सुरेंद्र दिलेर अलीगढ़ की खैर सीट से विधायक हैं और 2024 के उपचुनाव में पहली बार विधानसभा पहुंचे। एससी समाज से आने वाले सुरेंद्र को राजनीतिक विरासत परिवार से मिली है।

यह भी पढ़ें- शुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली