आरयू वेब टीम। चुनाव आयोग ने देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तीसरे चरण की शुरुआत का ऐलान कर दिया है। आयोग के मुताबिक यह चरण 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में लागू किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने कहा कि एसआइआर के तीसरे चरण का कार्यक्रम जनगणना के तहत चल रही हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है, ताकि दोनों प्रक्रियाओं के बीच तालमेल बना रहे।
ईसी का कहना है कि इस प्रक्रिया में मतदाताओं के विवरण की जांच और सूची को अपडेट करने का काम किया जाएगा। निर्वाचन आयोग की ओर ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, एसआइआर के तीसरे चरण में करीब 3.94 लाख बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी सहयोग करेंगे। आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए नियुक्त करने की अपील की है, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी और सहभागी बन सके।
यह भी पढ़ें- यूपी में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 13.39 करोड़ पहुंची मतदाता संख्या, रिकॉर्ड 84 लाख नए वोटर जुड़े
आयोग ने बताया कि तीसरा चरण पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरे देश में विशेष गहन पुनरीक्षण का काम पूरा हो जाएगा। इन तीन क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण और मौसम संबंधी परिस्थितियों, विशेषकर पहाड़ी और बर्फबारी वाले इलाकों को देखते हुए बाद में कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
इन राज्यों में होगा एसआइआर
आयोग के अनुसार, तीसरे चरण में ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, नागालैंड और त्रिपुरा में विशेष गहन पुनरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेशों में दमन-दीव, चंडीगढ़ और दिल्ली को भी इस चरण में शामिल किया गया है। तीसरे चरण की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनावी तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं।



















