प्रयागराज सर्किट हाउस में ADM व AAP सांसद संजय सिंह के बीच तीखी नोकझोंक

सर्किट हाउस
सर्किट हाउस में एडीएम और संजय सिंह की नोकझोंक।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/प्रयागराज। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह  लेखपाल भर्ती परीक्षा ‘पेपर लीक’ प्रकरण को लेकर सर्किट हाउस में प्रतियोगी छात्रों के साथ संवाद करने प्रयागराज पहुंचे। जहा संजय सिंह की एडीएम के साथ तीखी बहस हो गई। गहमागहमी को देखते हुए डीसीपी सिटी और एडीएम सिटी की मौजूदगी में सर्किट हाउस परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

दरअसल सांसद संजय सिंह पेपर लीक मुद्दे पर प्रतियोगी छात्रों का दर्द सुनने प्रयागराज के सर्किट हाउस पहुंचे थे। यहां बिना पूर्व अनुमति के बड़ी संख्या में छात्रों के साथ बैठक करने को लेकर एडीएम सिटी ने कड़ी आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर सांसद संजय सिंह और एडीएम सिटी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर तनाव और गहमागहमी को देखते हुए डीसीपी सिटी और एडीएम सिटी की मौजूदगी में सर्किट हाउस परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

प्रशासन की रोक-टोक और भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद सर्किट हाउस के हॉल में ‘प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति’ के बैनर तले छात्रों के साथ चर्चा जारी रही। छात्रों ने बार-बार परीक्षा निरस्त होने और पेपर लीक से हो रहे नुकसान को लेकर अपना दर्द साझा किया। इस महत्वपूर्ण संवाद में कांग्रेस के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के.के. राय भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

वहीं छात्रों से मुलाकात के बाद संजय सिंह ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। संजय सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में बार-बार हो रहे पेपर लीक के कारण लाखों होनहार छात्रों का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा है। सरकारें युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं और परीक्षा माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है।

यह भी पढ़ें- भाजपा नेता व उसका भाई ही निकला नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड, SOG ने दबोचा, करोड़ों के लेन-देन का अंदेशा

इस दौरान संजय सिंह ने प्रेसवार्ता में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पेपर लीक के खिलाफ अब चुप नहीं बैठा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नाइंसाफी के खिलाफ एक बड़े जन-आंदोलन की शुरुआत शिक्षा के गढ़ प्रयागराज से की जाएगी। इसके बाद इस आंदोलन को पूरे उत्तर प्रदेश में फैलाया जाएगा, ताकि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

यह भी पढ़ें- नीट पेपर लीक पर संजय सिंह का आरोप, शिक्षा माफिया से मिल नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने में लगी भाजपा