आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड में 15 घरों के चिराग बुझने के बाद अवैध निर्माण को संरक्षण देने और पिक एंड चूज की कार्रवाई करने के लिए बदनाम लखनऊ विकास प्राधिकरण ने नया कीर्तिमान रच दिया है। मात्र सात घंटे में प्राधिकरण के अफसर-इंजीनियरों की टीम ने कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, कम्प्यूटर इंस्टीट्यूट व स्कूल समेत न सिर्फ 71 अवैध निर्माणों को सील किया, बल्कि मानकों के विरूद्ध चल रहे 83 भवन मालिक-प्रबंधकों को नोटिस भी दिया है।
सुबह दस से शाम पांच बजे तक चलने वाली एलडीए की इस कार्रवाई से लखनऊ में शैक्षणिक संस्थान चलाने वालों में हड़कंप मच गया है। हालांकि अवैध निर्माण को लेकर सड़क व सोशल मीडिया से लेकर अदालतों तक में किरकिरी होने के बाद भी आंख-कान बंद रखने वाले अफसर इस तरह का अभियान पहले चलाते तो एलडीए के इतिहास को कलंकित करने वाली सबसे बड़ी जनहानि को रोका जा सकता था।
वही सीलिंग की कार्रवाई से कोचिंग संस्थानों में लाखों रुपये फीस जमा कर पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के सामने भी अब अपनी पढ़ाई व प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी को लेकर कई तरह की चुनौती खड़ी हो गयी है। यही वजह है कि कई जगाहों पर लोगों ने एलडीए की कार्रवाई को अदूरदर्शी व अति उत्साह वाली बताते हुए विरोध भी किया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि इतना ही सबकुछ अवैध चल रहा था कि तो अब तक एलडीए के अधिकारी क्या 15 छात्रों की आग में भुनकर मौत होने का इंतजार कर रहे थे।
21 दिन चलेगा अभियान, छुट्टियों में भी आम दिन की तरह खुलेगा LDA
दूसरी ओर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का कहना है कि लखनऊ में यह अभियान लगातार तीन हफ्ते तक चलेगा। वीसी ने अगामी मोहर्रम (26 जून) और रविवार (28 जून) की छुट्टी तक कैंसिल करते हुए आम दिनों की एलडीए कार्यालय खोले जाने का आदेश जारी कराया है। इसके अलावा अगामी 15 दिनों तक एलडीए के किसी भी अधिकारी व इंजीनियर से लेकर कर्मी तक को अवकाश उपाध्यक्ष की परमिशन से ही मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें- कमिश्नर की जनसुनवाई में बोला फरियादी, “शिकायत के बाद भी LDA अफसरों ने नहीं की अवैध निर्माण पर कार्रवाई, अब दबंग दे रहें हत्या कराने की धमकी”
प्राधिकरण की ओर से अभियान के बारे में दी गयी जानकारी के अनुसार एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर अग्निशमन विभाग व लखनऊ पुलिस की संयुक टीम के साथ चलाये गये इस अभियान की जद में दर्जनों कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, डांस स्टूडियो, प्ले ग्रुप स्कूल, ब्लड बैंक, कंप्यूटर इंस्टीट्यूट, नर्सिंग होम, होटल, व्यावसायिक कॉम्पलेक्स समेत अन्य प्रतिष्ठान आए हैं।
एलडीए के मुताबिक वीसी प्रथमेश कुमार ने कल देर शाम जोनल अधिकारियों के साथ बैठक की थी। जिसमें उन्होंने शहर भर में अभियान चलाकर कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, होटल, नर्सिंग होम समेत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करने के निर्देश दिये थे। इसके अनुपालन में एलडीए के प्रवर्तन विभाग ने बुधवार को सभी सात जोनों में अभियान चलाया। संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने प्रवर्तन जोन सात में अभियान का नेतृत्व किया, जहां 14 प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि 20 के खिलाफ नोटिस जारी की गयी है।
गोमती नगर में नौ कोचिंग सेंटर सील
प्रवर्तन जोन एक के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने टीम के साथ गोमती नगर के विराज खण्ड, विनीत खण्ड एवं विवेक खण्ड में अभियान चलाया। जिसमें एलन कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट, अन एकेडमी एंड कैरियर प्वाइंट, विद्यापीठ, अग्रवाल क्लासेस, नारायण कोचिंग, आईक्यू हब समेत नौ कोचिंग सेंटरों को सील किया गया।
हजरतगंज में कार्रवाई के दौरान हंगामा
प्रवर्तन जोन छह के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने टीम के साथ हजरतगंज में अभियान चलाया। यहां एलन कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट, मोशन एवं ग्रैविटी समेत 14 प्रतिष्ठान सील किये गये, जबकि 20 भवन मालिकों को नोटिस दिया गया है। कार्रवाई के दौरान एलन कोचिंग समेत कुछ जगाहों पर लोगों ने हंगामा करते हुए कार्रवाई को गलत बताते हुए अधिकारियों की मंशा पर सवाल उठाएं।
जोन तीन में होटल समेत सात प्रतिष्ठानों पर गाज
प्रवर्तन जोन तीन के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने टीम के साथ कृष्णानगर, विजय नगर व मानक नगर में अभियान चलाया। यहां मानकों के विपरीत बनी बिल्डिंग में संचालित ब्राइट फ्यूचर लाइब्रेरी, डिफेंस कैरियर एकेडमी व होटल गुरवीर समेत सात प्रतिष्ठानों को सील किया गया है।
यह भी पढ़ें- 15 बेगुनाहों के मौत की जिम्मेदारी LDA ने 12 रिटायर इंजीनियर व मृत अभियंता पर डाली, अग्निकांड के कुल 19 दोषियों के खिलाफ दी शासन को रिपोर्ट
वहीं, प्रवर्तन जोन चार में एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए छह प्रतिष्ठानों को सील किया, जबकि सात भवन मालिकों को नोटिस दिया गया है। साथ ही प्रवर्तन जोन पांच में निरीक्षण के दौरान पांच भवन सील किये गये, जबकि 21 के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।
कानपुर रोड योजना में 16 सेंटर सील
प्रवर्तन जोन दो के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह की टीम ने कानपुर रोड योजना व कृष्णानगर क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान फिजिक्स वाला, महिन्द्रा कोचिंग, एलन, आकाश इंस्टीट्यूट, सेन्च्यूरियन समेत 16 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया। वहीं, 16 भवन मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।




















