आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बीच से राम मंदिर से जुड़े भूमि सौदों और वित्तीय प्रबंधन को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में एसआइटी के अध्यक्ष व लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के ऑफिस पहुंचे और राम मंदिर में जमीन घोटाले के सबूत एसआइटी अध्यक्ष को सौंपा। राम मंदिर जमीन घोटाले का सबूत कमिश्नर को सौंपने के बाद आप सांसद ने कहा करोड़ों हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई होनी चाहिये।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि यह केवल जमीन खरीद का मामला नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी मूल दस्तावेज SIT अध्यक्ष विजय विश्वास पंत को सौंप दिए हैं और उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन भी मिला है। अब पूरे देश की निगाह इस बात पर है कि जांच एजेंसी कब तक अपनी कार्रवाई पूरी कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करती है।
आगे कहा कि जिन जमीनों का मूल्य कुछ समय पहले करोड़ों रुपये था, उन्हें बेहद कम अंतराल में कई गुना अधिक कीमत पर खरीदा गया। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ भूमि सौदों में ऐसे लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनका संबंध राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े व्यक्तियों से बताया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से अलग-अलग समय पर स्पष्टीकरण भी दिए जाते रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बोले संजय सिंह, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भाजपा व ट्रस्ट को देना होगा जवाब
संजय सिंह ने कहा कि जमीन खरीद के अलावा मंदिर के दानपात्र और धार्मिक धरोहरों से जुड़े कई गंभीर मामले भी सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चांदी, प्रभु श्रीराम की पादुका, हार तथा अन्य धार्मिक वस्तुओं की चोरी के मामलों में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं तो अब तक किसी की गिरफ्तारी या एफआईआर क्यों नहीं हुई, यह बेहद गंभीर प्रश्न है।
देश की जनता के सामने सभी दस्तावेज रखने की अपील
संजय सिंह ने मीडिया से अपील की कि वह सभी दस्तावेजों का तथ्यात्मक अध्ययन कर उन्हें देश की जनता के सामने रखे। उन्होंने कहा कि संबंधित जमीनों का वास्तविक स्थान भी देखा जाना चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे धार्मिक आवश्यकता के अनुरूप खरीदी गई थीं या किसी अन्य उद्देश्य से।
इस मौके पर सांसद के साथ दिल्ली के पूर्व विधायक, प्रदेश सह प्रभारी दिलीप पांडेय, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, दिनेश पटेल, विनय पटेल, सर्वेश मिश्रा, महेंद्र सिंह, वंशराज दुबे, सरबजीत सिंह मक्कड़ और प्रखर श्रीवास्तव मौजूद रहे ।




















