शालीमार गैलेंट वेस्ट की निर्माणाधीन बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से लिफ्ट टूटकर गिरी, चार मजदूर घायल

लिफ्ट टूटकर गिरी
घायल मजदूर को लेजाती एम्‍बुलेंस। (फोटो आरयू)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। राजधानी में महानगर के विज्ञानपुरी क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हासदा हो गया। शालीमार गैलेंट वेस्ट की निर्माणाधीन बिल्डिंग में लिफ्ट का काम कर रहे चार मजदूर नौंवी मंजिल से नीचे गिर गये। गंभीर रुप से घायल मजदूरों को प्राइवेट अस्पातल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चारों मजदूर लिफ्ट के अंदर खड़े होकर प्लास्टर कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे 9वीं मंजिल से नीचे बेसमेंट में जा गिरे। धमाके जैसी तेज आवाज सुनते ही निर्माणस्थल पर चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। ​सूचना मिलते ही महानगर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बेसमेंट से सभी चारों घायल मजदूरों को बाहर निकाला और पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

हादसे के बाद कार्य कर रही संस्था ने गेट बंद कर लिया और किसी को भीतर प्रवेश करने से रोका गया। मीडिया को भी बाहर ही रोक दिया गया। घटना के बाद निर्माणस्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर लिफ्ट डक्ट में काम कर रहे थे। उसी दौरान हादसा हो गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें- चंदौली में निर्माणाधीन ओवरब्रिज गिरा, निर्माण पर उठे सवाल

पुलिस ने मीडिया को जो अपडेट दिया है, उसके अनुसार थाना महानगर क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन शालीमार गैलेंट, विज्ञानपुरी की लिफ्ट टूटकर गिरने से चार मजदूर घायल हो गये हैं। हादसा दिन में करीब 11.30 बजे हुआ। कार्य के दौरान लिफ्ट के टूटकर नीचे गिरने से उसमें सवार चार मजदूर बेसमेंट में गिरकर घायल हो गए। घायलों में तीन को गंभीर चोट है, जबकि एक मजदूर को मामूली चोट आई है। सभी लोग खतरे से बाहर हैं। सभी घायल मजदूर जनपद समस्तीपुर, बिहार के निवासी हैं। घायलों की पहचान छोटू कुमार पुत्र चंदेश्वर राय, उम्र करीब 28 वर्ष, सुरेन्द्र कुमार पुत्र जागेश्वर राय, उम्र करीब 45 वर्ष, निक्कू पुत्र बृजमोहन उम्र करीब 24 वर्ष, मोनू पुत्र सेकंड, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें- पत्थर खदान में चट्टान गिरने से नौ मजदूरों की दर्दनाक मौत