आरयू वेब टीम। बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा एके-47 के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर संसद के मानसून सत्र में सोमवार को विपक्ष ने सरकार को घेर लिया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ इस तरह के हथियारों का इस्तेमाल बेहद गंभीर मामला है। साथ ही मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या प्रदर्शनकारी आतंकवादी थे, जिनके खिलाफ बंदूकें और एके-47 जैसे हथियारों की जरूरत पड़ गई।
प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए अत्यधिक बल का इस्तेमाल कर रही है और इस मामले में जवाब देना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। साथ ही आरोप लगाया कि प्रदर्शन में शामिल छात्राओं के परिवारों को फोन कर उन पर आंदोलन से दूर रहने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं को अपनी मांगें शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है और सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए, न कि उन्हें डराने की कोशिश करनी चाहिए।
संसद में विपक्ष ने गृह मंत्री से मांगा जवाब
वहीं कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने भी इस मुद्दे को संसद में उठाया। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगते हुए कहा कि बिहार में प्रदर्शनकारियों के बीच एके-47 और दिल्ली में पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किस स्तर से दिया गया, इसकी जानकारी सरकार को देनी चाहिए। कांग्रेस सांसद ने कहा कि गृह मंत्री को संसद में आकर पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
लाठीचार्ज के दौरान कीलों का इस्तेमाल: दीपेंद्र हुड्डा
इस दौरान कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दिल्ली और बिहार की घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के दौरान कीलों का इस्तेमाल किया गया और पैलेट गन चलाई गई, जबकि बिहार में छात्रों के खिलाफ एके-47 दिखाई दी। आगे कहा कि सरकार को बताना होगा कि इस तरह की कार्रवाई के आदेश किसने दिए।
डिंपल यादव ने भी की कार्रवाई की आलोचना
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने छात्रों पर हुई कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा शासन में युवाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। सपा सांसद ने बिहार में एके-47 से जुड़ी घटना को बेहद निंदनीय बताया और कहा कि लोकतंत्र में लोगों की आवाज दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
पप्पू यादव ने छात्रों के समर्थन में उठाई आवाज
इसके अलावा निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई। उन्होंने सवाल किया कि क्या अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्र आतंकवादी हैं या अपराधी। उन्होंने दावा किया कि बिहार में बड़ी संख्या में छात्रों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे डर का माहौल पैदा हो रहा है।

















