आरयू वेब टीम। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को छात्रों के प्रदर्शन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। साथ ही मीडिया के सवालों पर भड़कते हुए प्रियंका ने कहा कि वह ‘‘मंगल ग्रह पर पहुंचने’’ का श्रेय लेते हैं, इसलिए अब उन्हें अपनी कार्रवाइयों की जिम्मेदारी लेनी होगी। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि उन्हें बच्चों की परवाह है, जबकि कल रात ही उन्होंने उन पर आंसू गैस छुड़वाई और पिटवाया।
संसद परिसर में मीडिया के सवालों पर प्रियंका ने कहा कि आप सब वही सवाल पूछते हैं, जो सरकार आप से पुछवाना चाहती है। क्या आपने सरकार के मंत्रियों से सवाल पूछा? क्या आपने धर्मेंद्र प्रधान से पूछा कि वो इस्तीफा कब देंगे? छात्र आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन पीएम मोदी सदन में नहीं आए, क्या आपने सवाल पूछा? क्या आपने अमित शाह से पूछा कि छात्रों पर लाठियां क्यों चलवाईं, बच्चे हॉस्पिटल में क्यों हैं? किसलिए… क्या ये छात्र आतंकवादी हैं? क्या पूछा कि प्रधानमंत्री सोशल मीडिया पर कैसे पोस्ट कर रहे हैं कि उन्हें बच्चों की परवाह है, जबकि कल रात उन्होंने छात्रों पर आंसूगैस छोड़ी और उन्हें पीटा।
मोदी की नाक के नीचे 152 पेपर हुए लीक
मोदी सरकार पर हमला जारी रखते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि ‘‘वही हैं जो लोगों को पिटवा रहे हैं। पीएम की नाक के नीचे 152 पेपर लीक हुए हैं और एक भी व्यक्ति दोषी साबित नहीं हुआ। कौन जिम्मेदार है? अगर मोदी जी हमारे मंगल ग्रह पर पहुंचने के लिए जिम्मेदार हैं, अगर मोदी जी हर उस कामयाबी के लिए जिम्मेदार हैं जो एक भारतीय हासिल करता है, चाहे वह ओलंपिक हो या एशियन गेम्स, तो आज जो हो रहा है उसके लिए भी मोदी जी जिम्मेदार हैं।’’ मोदी जी हमारे युवाओं को यह महसूस कराने के लिए जिम्मेदार हैं कि उनका कोई भविष्य नहीं है, मोदी जी जिम्मेदार हैं अगर हमारे बच्चे प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इंटरनेट बंद कर दिया है और उन पर आंसू गैस छोड़ी है और उन पर लाठीचार्ज करवाया है। अगर उनमें से किसी एक को भी कुछ होता है तो यह उनकी जिम्मेदारी है।’’
वह कमजोर और कायर…
इससे पहले दिन में, प्रियंका ने कहा कि छात्रों का व्यवस्था से भरोसा उठ गया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार लोगों की शिकायतें सुने। कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘‘क्या आपने कभी हमारे लोकतंत्र के इतिहास में देखा है कि सत्तारूढ़ खेमे के सांसद बाहर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे हों। यह कितने सत्रों से चल रहा है और वे संसद सत्र नहीं चला पा रहे हैं। बाहर क्या हो रहा है। वह कमजोर और कायर हैं।’’
छात्र है आतंकवादी नहीं
इस दौरान मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में इंटरनेट बंद होने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर प्रियंका गांधी ने भड़कते हुए कहा, ‘‘क्या हम लोकतंत्र में रह रहे हैं? जरा सोचिए, बच्चे प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इंटरनेट काट दिया है, वे क्या कर रहे हैं? छात्र आतंकवादी नहीं हैं। उनके माता-पिता परेशान होंगे, उनके परिवार परेशान होंगे, वे किसी से संपर्क नहीं कर सकते। वे उन पर आंसूगैस छोड़ रहे हैं, उन्हें पीट रहे हैं। यह किस तरह का लोकतंत्र है।’’
यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री आवास पर इस्तीफे की मांग कर रहे राहुल गांधी, अखिलेश व प्रियंका को जबरन उठा ले गई पुलिस
बता दें कि प्रियंका गांधी की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री के ‘एक्स’ पर आए उस बयान के बाद आई जिसमें उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं की भलाई और भविष्य से ज्यादा जरूरी कुछ नहीं है। मोदी ने कहा, ‘‘हमने प्रश्नपत्रों के लीक में शामिल लोगों को जल्दी और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालत बनाने का फैसला किया है। संबंधित अधिकारियों और प्राधिकारों को इस बारे में सभी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है।




















