राहुल ने कहा, छात्रों की पिटाई के लिए गृह मंत्री जिम्मेदार, अमित शाह-धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा, मोदी भी मांगें माफी

राहुल गांधी
मीडिया से बात करते राहुल गांधी।

आरयू वेब टीम। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस द्वारा बर्बरता से पिटाई व बेहद क्रूर व्‍यवहार को लेकर मंगलवार को मोदी सरकार पर हमला बोला है। राहुल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही कहा की इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी माफी मांगनी चाहिए।

संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित मारपीट और बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा कि युवाओं के साथ ऐसा व्यवहार ‘‘पूरी तरह गैर-भारतीय’’ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल हुई घटना के लिए अब तक माफी तक नहीं मांगी है। राहुल गांधी ने कहा कि ये युवा शिक्षा और परीक्षा प्रणाली को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और पूरा देश जानता है कि शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली ‘‘चरमरा चुकी है’’।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली को ‘‘दीमकों ने खोखला कर दिया है।’’ छात्र केवल यही कह रहे हैं कि शिक्षा और परीक्षा प्रणाली को ठीक किया जाए। देश के युवाओं के साथ इस तरह व्यवहार करने का कोई तरीका नहीं है। देश के युवाओं के लिए अवसर नहीं हैं और उनके सामने सभी दरवाजे बंद हैं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं का दरवाजा खुला था, लेकिन यह व्यवस्था भी ‘‘बर्बाद’’ कर दी गई है। छात्रों की शिकायत केवल शिक्षा प्रणाली को लेकर नहीं है, बल्कि उनके भविष्य को लेकर भी है।

यह भी पढ़ें- #जंतर_मंतर: संसद में उठा युवाओं पर बर्बरता का मुद्दा, खड़गे ने कहा, छात्रों को मारने व दबाने की कोशिश कर रही मोदी सरकार

इस दौराम मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों को लगता है कि शिक्षा व्यवस्था पर ‘‘अंबानी और अडानी तथा आरएसएस का पूरी तरह कब्जा’’ हो गया है। यह मुद्दा युवाओं के भविष्य से जुड़ा है और शिक्षा से कहीं बड़ा है। ‘‘भारत के छात्र कह रहे हैं कि भारत में उनका कोई भविष्य नहीं है। यह एक जायज मुद्दा है।’’ साथ ही राहुल गांधी ने कहा, ‘‘धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही चाहिए, लेकिन प्रधान ने छात्रों को नहीं पीटा है। गृह मंत्री ने पीटा है, उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। गृह मंत्री प्रधानमंत्री को रिपोर्ट करते हैं, उन्हें भी इस्तीफा देना चाहिए।’’

इससे पहले कांग्रेस नेता ने विपक्षी नेताओं के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सदन में चर्चा कराने की मांग की। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हमने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की और कहा कि हम चर्चा चाहते हैं। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें सरकार से पूछना पड़ेगा।’’ राहुल ने स्‍पष्‍ट करते हुए कहा, ‘‘दूसरे शब्दों में, लोकसभा अध्यक्ष कह रहे हैं कि संसद में बहस कराने के लिए उन्हें सरकार की अनुमति चाहिए। यह मुद्दा छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा है।’’

यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर से जबरन सोनम वांगचुक को हॉस्पिटल ले गई पुलिस, पत्‍नी गीतांजलि ने दी चेतावनी