प्रियंका गांधी का भाजपा-RSS पर निशाना, ‘हॉकी टीम की जर्सी का रंग या इतिहास को बदलने की कोशिश…

हॉकी टीम की जर्सी
इंडियन हॉकी टीम की नई जर्सी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग ‘भगवा’ किए जाने को लेकर भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा कि वे चाहे यूनीफॉर्म बदल लें या इतिहास बदलने की कोशिश करें, देश की आत्मा नहीं बदल सकते।

प्रियंका ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि देश की आत्मा में सत्य, अहिंसा और भाईचारा समाहित है, जिसे कोई बदल नहीं सकता। साथ ही दावा किया कि भारत की आजादी की लड़ाई सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर लड़ी गई थी और उस संघर्ष में आरएसएस कहीं नहीं था।

वहीं भाजपा व आरएसएस पर हमला जारी रखते हुए प्रियंका ने कहा, ‘‘पूरा देश इस असलियत को जानता है और जिन्हें नहीं पता है उन्हें पता चल गया है कि इन लोगों (आरएसएस) की नीयत क्या है।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘इस देश की आत्मा में अहिंसा, सत्य और भाईचारा समाहित है। इसे कोई नहीं बदल सकता। आरएसएस भी नहीं बदल सकता।’’

यह भी पढ़ें- मीडिया के सवालों पर भड़कीं प्रियंका ने कहा, प्रधानमंत्री मंगल पर पहुंचने का लेते हैं श्रेय, अब अपनी कार्रवाइयों की लें जिम्मेदारी

इस दौरान कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस के लोग चाहे जितनी घृणा, हिंसा और फूट फैलाने की कोशिश करें, वे देश की आत्मा से भाईचारे और एकता की भावना को समाप्त नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि देश की मूल भावना आपसी सद्भाव, एकता और सत्य के मूल्यों पर आधारित है और इसे बदलने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा।

हॉकी टीम के पूर्व कप्तान ने जताई नाराजगी

इससे पहले भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान वीरेन रस्किन्हा इसे लेकर सवाल खड़े किए हैं। वीरेन रस्किन्हा ने टीम की जर्सी का रंग नीले से ऑरेंज किए जाने से काफी नाखुश हैं। उन्होंने हॉकी इंडिया के इस कदम को शर्मनाक बताया है। विरेन रासकिन्हा का मानना है कि भारतीय हॉकी टीम की नीली जर्सी सिर्फ एक रंग नहीं, बल्कि दशकों से बनी उसकी पहचान और विरासत का हिस्सा है।

मुझे कहना होगा कि हॉकी इंडिया ने भारतीय हॉकी के लिए बहुत अच्छे काम किए हैं, लेकिन यह शर्मनाक है। भारतीय टीम की विरासत और पहचान हमेशा से ब्लू (नीला) रही है। मैंने कई वर्षों तक शान से ब्लू जर्सी पहनी है। फैंस हमारी इंडियन टीम को ब्लू रंग में देखना चाहते हैं। ऑरेंज रंग का क्या लॉजिक है?”

गौरतलब है कि अगले महीने नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले हॉकी विश्व कप में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें अपनी पारंपरिक नीले रंग की जर्सी के बजाय केसरिया जर्सी में नजर आएंगी। हॉकी इंडिया ने पिछले दिनों अपने सोशल मीडिया पेज पर नई जर्सी को पेश किया था।

यह भी पढ़ें- संसद में विपक्ष ने सरकार को घेरा, प्रियंका ने पूछा क्या छात्र आतंकवादी थे AK-47 चलने की पड़ी जरूरत