आरयू वेब टीम। बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को समस्तीपुर से सहरसा जा रही पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन और उससे सटी एक बोगी में अचानक आग लग गई।अंधेरे में ट्रेन से उठती लपटों और धुएं को देखकर स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी फैल गई। सूचना पाकर आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना तड़के करीब तीन बजे की है। जब समस्तीपुर से सहरसा जा रही ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची, उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें पास की एक बोगी तक पहुंच गईं। उस समय अधिकांश यात्री नींद में थे। आग और धुएं का पता चलते ही बोगी में चीख-पुकार मच गई और यात्री जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे।
स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारियों ने सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।सूचना पर आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को करीब ढाई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। लगभग 5:30 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। इसके बाद सुबह छह बजे के बाद रेल यातायात सामान्य हो सका।
यह भी पढ़ें- बर्दवान में स्टेशन पर लगी ट्रेन में आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
इस संबंध सिमरी बख्तियारपुर के स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार सज्जन ने बताया कि घटना के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते कोसी एक्सप्रेस (सहरसा–पटना), जानकी एक्सप्रेस (मनिहारी– जयनगर), सहरसा–समस्तीपुर पैसेंजर और श्रावणी स्पेशल (सहरसा–देवघर) निर्धारित समय से देरी से चलीं। वहीं प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। रेलवे ने घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।




















