आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज में शनिवार को सुल्तानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगागंज के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गई। जिसकी चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस के साथ फायर सर्विस और एनएचएआइ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रॉली और ट्रैक्टर को हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के मुताबिक सुल्तानपुर हाईवे पर आज शाम गंगागंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे स्टील क्रैश बैरियर से टकराते हुए पलट गई। ट्रैक्टर पर ड्राइवर समेत चार युवक सवार थे। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले एनएचएआइ की क्रेन से पलटी हुई ट्रॉली और ट्रैक्टर को हटाया तो उसके नीचे चार लोग दबे मिले।
तीन युवकों की मौके पर थमीं सांसे
राहत बचाव टीम ने सभी को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी गोसाईंगंज भेजा। वहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चारों युवक बाराबंकी के रहने वाले थे। इनमें एक ट्रैक्टर चलाता था, जबकि बाकी तीन लोग ईंट चढ़ाने और उतारने का काम करते थे। ये सभी बाराबंकी के रहने वाले थे। हादसे में शामिल ट्रैक्टर बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के अचकाकामऊ स्थित देशराज के आरबीएफ ईंट भट्ठे पर चलता था।
यह भी पढ़ें- यूपी में हुआ बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार रोडवेस बस ने मारी पिकअप को टक्कर, महिला व मासूमों समेत 15 यात्रियों की मौत, 19 घायल
पुलिस ने मृतकों की पहचान 25 वर्षीय संदीप रावत, 35 वर्षीय पीतांबर रावत, 25 वर्षीय पवन रावत और बलराम रावत के रूप में हुई है। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी लखनऊ के केजीएमयू स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। जहां जवान बेटों की लाश देख परिजनों में कोहराम मच गया।




















