राजाजीपुरम में घर में घुसे अंजान युवक ने लगाई तीसरी मंजिल से छलांग, मौत

लखनऊ में सुसाइड
प्रतीकात्‍मक फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजाजीपुरम में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अंजान मकान में घुसकर तीसरी मंजिल की छत से छलांग लगा दी। जिसके बाद स्थानीय लोग गंभीर हालत में युवक को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कहा जा रहा है पत्‍नी के छोड़ने के बाद से युवक डिप्रेशन में था। हालांकि मामले की अन्‍य बिन्‍दुओं पर भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सेक्टर-6 सपना कॉलोनी राजाजीपुरम तालकटोरा निवासी मनीष कुमार श्रीवास्तव (31) पुत्र इन्द्रजीत बहादुर श्रीवास्तव के रूप में हुई है। मनीष पैदल एक किलोमीटर दूर ई ब्लॉक पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने काफी देर तक मोहल्ले में उसे टहलते देखा। कुछ देर बाद उसने केपी सिंह के मकान का दरवाजा खुला पाया तो वह उसमें घुस गया। केपी की बहू नीतू सिंह ने बताया कि उनकी जेठानी ने मनीष को छत पर जाते देखा तो वह चीख पड़ीं और जब रोकने की कोशिश की तो मनीष ने उन्हें चुप करा दिया और तीसरी मंजिल की छत पर चला गया। जब परिवार ने उसे समझाया तो वह आक्रामक हो गया।

इस बीच मनीष घरों की छत फांदते हुए पड़ोसी प्रतीक के घर पहुंच गया। वह उनकी मकान की रेलिंग पर पहले लटक गया। ये देख वहां अफरा-तफरी मच गई। सड़कों पर निकल कर लोगों ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया मगर वह नहीं माना और ऊपर से छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक मकान संख्या ई-1287 के गेट से घर में दाखिल हुआ और छत के रास्ते मकान संख्या ई-1291 की छत पर पहुंचा जहां से कूद गया।

यह भी पढ़ें- अलीगंज की चार मंजिला अवैध बिल्डिंग में लगी आग, 15 छात्रों की दर्दनाक मौत, कुछ ने कूदकर बचाई जान, नौ घायल

मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही युवक के परिजन को इसकी सूचना दी। मनीष के पिता इंद्र बहादुर श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि वह डेयरी पर नौकरी करते हैं। बेटा लालबाग में एक ऑटो पार्ट्स की दुकान पर सेल्समैन था।

वह एक महीने से काम पर नहीं जा रहा था। शराब पीने का आदी हो गया था। इस बात से नाराज होकर 20 दिन पहले बहू उसे छोड़ कर चली गई थी। बेटा डिप्रेशन में आ गया था। मनीष सुबह छह बजे अपने घर से निकला था। घरवालों ने उसके रोकने की काफी कोशिश की, मगर वह नहीं माना। जिसके बाद ये दुखद खबर मिली।

यह भी पढ़ें- अफसरों की प्रताड़ना से परेशान जान देने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ा सरकारी विभाग का JE, मचा हड़कंप