इंडिगो की फ्लाइट से फिर निकला धुआं, लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ एयरपोर्ट

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। 103 यात्री को लेकर अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट से मंगलवार अचानक धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। जिसके बाद पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जहाज की इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी, जिसके बाद फ्लाइट की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और सभी यात्रियों को बाहर निकाल कर विमान की जांच शुरू हुई।

इस संबंध में एयरपोर्ट प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार शाम इंडिगो की उड़ान 6E6504 अगरतला से करीब शाम 4:30 बजे रवाना होकर शाम 7:05 बजे दिल्ली पहुंचती है। मंगलवार को जब फ्लाइट दिल्ली जा रहा था, तभी रास्ते में फ्लाइट के कार्गो क्षेत्र में स्मोक वार्निंग इंडिकेशन मिला। स्थिति को देखते हुए पायलट ने आनन-फानन नजदीकी एयरपोर्ट लखनऊ एटीसी को सूचना दी और विमान को लखनऊ डायवर्ट किया।

एटीसी से लैंडिंग की अनुमति मिलते ही फ्लाइट को शाम 6:29 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। इस विमान में 103 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे। वहीं इस विमान की लैंडिंग से पहले ही लखनऊ एयरपोर्ट पर सभी इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए थे। साथ ही फायर एवं रेस्क्यू, एंबुलेंस, मेडिकल, सुरक्षा और टर्मिनल सपोर्ट टीमें मौके पर मुस्तैद कर दी गई।

यह भी पढ़ें- 14 हजार फीट की ऊंचाई यात्रियों से भरी इंडिगो की फ्लाइट का इंजन फेल, वापस हुई लैंडिंग, बहुत बड़ा हादसा टला

फ्लाइट के उतरने के तुरंत बाद उसे टैक्सी वे पर लाया गया। इसके बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल फ्लाइट को एयरपोर्ट पर खड़ा करके तकनीकी टीम गहन जांच कर रही है। सभी यात्री जांच पूरी होने और आगे की यात्रा व्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- 194 यात्रियों को मुंबई ला रही इंडिगो की फ्लाइट से अचानक निकला धुआं, रास्‍ते में हुई इमरजेंसी लैंडिंग