प्रधानमंत्री मोदी के जन्‍मदिवस पर एलडीए ने लाखों ‘आर्शीवाद के दीये’ से जगमगाया राष्ट्र प्रेरणा स्थल

आर्शीवाद के दीये
आज रात कुछ इस तरह नजर आया आरपीएस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरूवार को शुरू हुये सेवा संकल्प अभियान के तहत लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल दीयो की रोशनी से जगमगा उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लखनऊ विकास प्राधिकरण ने दिन-रात एक करने के साथ ही अपने खजाने से सजावट व खाने-पीने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करते हुए 65 एकड़ में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में करीब तीन लाख ‘आर्शीवाद के दीये’ प्रज्वलित कराएं। दिन में भारी बारिश के बाद रात तक प्रोग्राम की सकुशल संपन्‍न होने पर एलडीए के अधिकारी व अभियंताओं ने राहत की सांस ली।

आज के कार्यक्रम में हजारों प्रतिभागियों के अलावा सीएम योगी आदित्‍यनाथ, उप मुख्यमंत्री  ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधायक नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह समेत अन्य भी मौजूद रहें।

कार्यक्रम के दौरान आज सबसे पहले सीएम योगी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल में स्थापित देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 65 फिट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाओं एवं भारत माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद मुख्य मंच पर आर्शीवाद का दीया आलोकित करके प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ उनके दीर्घायु जीवन की कामना की गयी।

दस हजार प्रतिभागियों ने प्रज्वलित किये दीये

सरकारी कार्यक्रम के बाद एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मीडिया से कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में लखनऊ समेत आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों सहित लगभग 10 हजार प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, जयपुरिया कॉलेज, गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के छात्र-छात्राओं एवं वॉलंटियर्स ने कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

11 घंटे की मेहनत से साकार हुई भव्य सजावट

उपाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम के लिए राष्ट्र प्रेरणा स्थल को 59 सेक्टर में बांटा गया। प्रत्येक सेक्टर में नोडल अधिकारी की देखरेख में कर्मचारियों व प्रतिभागियों ने पाथ-वे एवं हैलीपैड समेत विभिन्न क्लस्टर्स में दीप श्रृंखला बनाने का कार्य किया। उन्होंने बताया कि लगभग 11 घंटे की मेहनत से 5,000 मीटर लंबी दीप श्रृंखला बनायी गयी। वहीं, मुख्य मंच के पास 19 हजार दीयो की साज-सज्जा से एलडीए एवं राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोगो तथा राम मंदिर की आकर्षक आकृति बनायी गयी। दीपों से साकार की गई इन भव्य आकृतियों और जगमगाते पूरे परिसर ने कार्यक्रम को विशिष्ट एवं भावपूर्ण स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से लखनऊ के समग्र…

वीसी ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से लखनऊ के समग्र एवं नियोजित विकास, बेहतर कनेक्टिविटी, किफायती आवास, हरित क्षेत्रों के विस्तार, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा आधुनिक शहरी सुविधाओं के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया गया। इस अवसर पर लखनऊ को आधुनिक, सुव्यवस्थित, हरित एवं सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एलडीए द्वारा किए जा रहे कार्यों को जनमानस के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

यह भी पढ़ें- म्‍यूजियम का टिकट घटाने के बाद राष्‍ट्र प्रेरणा स्‍थल में तीन घंटे की इंट्री भी LDA ने की Free

सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश

एलडीए ने आज यह भी कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, समर्पण, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त अभिव्यक्ति दी। 3.5 लाख दीपों से जगमगाता राष्ट्र प्रेरणा स्थल न केवल लखनऊ की भव्यता का साक्षी बना, बल्कि इस अवसर पर उपस्थित हजारों प्रतिभागियों के माध्यम से सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प का संदेश भी जन-जन तक पहुंचा। एलडीए अधिकारियों का मानना था कि प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह आयोजन राष्ट्र प्रेरणा स्थल की भव्यता, भारतीय संस्कृति की दीप परंपरा और राष्ट्र सेवा के संकल्प का अद्भुत संगम बनकर सामने आया।

यह भी पढ़ें- PM मोदी के 76वें जन्‍मदिन पर सुरेश खन्‍ना ने महात्‍मा गांधी की प्रतिमा साफ कर किया सफाई अभियान का शुभारंभ, जनता से भी की अपील