आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आलमबाग बस अड्डे से फतेहपुर के लिए रवाना हुई उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) की बस मंगलवार को मोहनलालगंज इलाके में सड़क हादसे का शिकार हो गई। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यूपीएल फैक्ट्री के पास अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गई, जिससे अनियंत्रित होकर बस आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा टकराई। इस हादसे में बस चालक और परिचालक समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की वजह सवारियों को बैठाने से पहले बस की सही टेस्टिंग और सर्विस नहीं किया जाना माना जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 10:20 बजे उस समय हुआ जब बस 18 यात्रियों को लेकर आलमबाग से फतेहपुर के लिए निकली थी। जैसे ही बस मोहनलालगंज थाना क्षेत्र स्थित यूपीएल फैक्ट्री के समीप पहुंची, अचानक उसका स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक हरिओम (34) जब तक वाहन पर नियंत्रण पाने की कोशिश करता, तब तक बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों कि मदद से सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया। घायलों में चालक हरिओम के अलावा परिचालक मुकेश कुमार (46), रायबरेली निवासी वासुदेव निर्मल (68), अतुल सिंह (28) और अशोक कुमार (35) शामिल हैं। डॉक्टरों ने चालक हरिओम और बुजुर्ग वासुदेव निर्मल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से वैन सवार तीन लोगों की मौत
डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद पुलिस ने बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस में शिफ्ट कर फतेहपुर के लिए रवाना किया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।




















