आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सोमवार को आठ उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में चौंकाने वाले नाम शामिल हैं, क्योंकि अभी तक भाजपा के कई बड़े चेहरे टिकट के दावेदार बताए जा रहे थे, लेकिन इस लिस्ट में वो नाम शामिल नहीं हैं।
जारी लिस्ट के मुताबिक भाजपा ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्णा पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है।
घोषित उम्मीदवारों की बात करें तो धर्मपाल सिंह अभी यूपी सरकार में मंत्री हैं। 2017 में भी मंत्री थे। इनका ताल्लुक यूपी की बरेली से है। जबकि प्रकाश पाल को हाल ही में भाजपा ने ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया था। प्रियंका सिंह रावत बाराबांकी से सांसद रह चुकी हैं। वहीं राधाकांत ओझा हाई कोर्ट के बड़े अधिवक्ता है, जबकि विद्यासागर सोनकर एससी समाज से हैं।
यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले अजय राय की छुट्टी, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बनीं आराधना मिश्रा, इमरान मसूद को भी मिली जिम्मेदारी
वहीं उम्मीदवारों की घोषणा के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रत्याशियों को बधाई दी। योगी ने कहा, “आज घोषित हुए सभी सम्मानित प्रत्याशी गणों को हार्दिक बधाई। आप सभी की ऐतिहासिक विजय हेतु अनंत मंगलकामनाएं।”




















