आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की बसपा से निकालने और वापसी के साथ ही उन्हें दोबारा राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने को लेकर सफाई दी है।
मायावती ने मंगलवार को कहा है कि आकाश आनंद को अब बसपा से कभी निकालने की जरूरत नहीं पडे़गी। मायावती का कहना है कि अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद उनको अब आकाश पर पूरा भरोसा है कि वे अब राजनीति में आगे ही बढ़ेंगे।
बसपा मुखिया ने अपने फैसलों का ठीकरा मीडिया के सर फोड़ते हुए कहा कि मीडिया में इस बात को काफी बढ़ा-चढ़ाकर लिखा गया। बताया जा रहा है कि आकाश आनंद को चार बार पार्टी से निकाला गया और फिर वापस लेकर उन्हें राष्ट्रीय संयोजक बना दिया गया, जबकि इस संबंध में मैं आपको बताना चाहती हूं कि आकाश आनंद अपनी शादी से पहले से ही बसपा में काफी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उस समय उन्होंने बसपा को किसी तरह की शिकायत का मौका नहीं दिया और इसी वजह से उन्हें कभी पार्टी से नहीं निकाला गया।
मगर इनका रिश्ता अशोक सिद्धार्थ के साथ होने के बाद से फिर इन्होंने अपने खुद के स्वार्थ मे आकाश आनंद की इमेज को काफी कुछ खराब करने का प्रयास किया है। जिसके कारण फिर आकाश आनंद में सुधार लाने के खास उद्देश्य से इनको बसपा से कई बार निकालना भी पड़ा है और गलती का एहसास होने के बाद फिर इनको वापिस भी लेना पड़ा है, लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद से अब ऐसी कोई भी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिये कि बसपा को फिर से इनको अलग करना पडे़।
यह भी पढ़ें- अब आकाश आनंद के हालचाल पूछने पर भड़कीं मायावती, कहा निकाले गए लोग फैला रहे मेरी बीमारी का भ्रम
मायावती ने आगे कहा कि जिस प्रकार से इन्होंने शादी से पहले बसपा को कभी भी कोई शिकायत का मौका नहीं दिया है, जिसके कारण इनको कभी भी पार्टी से निकालना नहीं पड़ा है और अब अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है कि इनको अब आगे कभी भी पार्टी से निकालने की जरूरत पडे़गी और अब वे राजनीति में आगे ही बढ़ेंगे। ऐसी सभी को पूरी-पूरी उम्मीद भी है। इस बीच बसपा प्रमुख ने सलाह देते हुए कहा कि मीडिया को ये सब सच्चाई को उजागर करते हुए तब इनके बारे में पार्टी से कई बार निकालने का उल्लेख करना चाहिये तो ये बेहतर होगा।




















