लखनऊ-गोरखपुर रूट की कई ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी, जानें पूरी लिस्‍ट

ट्रेन
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लखनऊ-गोरखपुर रूट की कई ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी। गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर स्वामी नारायण छपिया-मसकनवा-लखपतनगर-मनकापुर के बीच ऑटोमेटिक सिगनलिंग की कमीशनिंग के लिए दस और 11 अक्टूबर को नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य होगा। इसका असर लखनऊ से जुड़ी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर भी पड़ेगा। कुछ ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी, जबकि कई के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव निरस्त किए गए हैं। बरौनी-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस को 120 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई से गोरखपुर के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन भी शुरू किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- त्योहारी सीजन पर कम होगी कंफर्म ट्रेन टिकट की टेंशन, रेलवे बढ़ाएगा 13 हजार तत्काल कोटा

रेलवे के मुताबिक ट्रेन संख्या 15949 डिब्रूगढ़-गोमतीनगर एक्सप्रेस नौ अक्तूबर को छपरा-औंड़िहार-वाराणसी-अयोध्या कैंट-बाराबंकी के रास्ते गोमतीनगर पहुंचेगी। नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण इसके नियमित मार्ग में बदलाव किया गया है। जबकि ट्रेन संख्या 15561 दरभंगा-गोमतीनगर एक्सप्रेस दस अक्तूबर को मनकापुर-गोंडा-बाराबंकी के रास्ते चलेगी। इस ट्रेन का अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।

दो घंटे रोकी जाएगी बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस

15203 बरौनी-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस को रास्ते में करीब दो घंटे रोककर चलाया जाएगा। वहीं 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल और 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल का ऐशबाग स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। वापसी में 02564 नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल और 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल भी दस अक्तूबर को ऐशबाग स्टेशन पर नहीं रुकेंगी।

कई ट्रेनें गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर होकर चलेंगी

14048 दिल्ली-सीतामढ़ी अमृत भारत एक्सप्रेस, 12558 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, 19726 दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस और 15273 रक्सौल-आनंद विहार एक्सप्रेस को गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर के रास्ते चलाया जाएगा। वहीं, 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस नौ अक्तूबर को बदले मार्ग से चलेगी। इस दौरान ट्रेन का गोंडा समेत कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।

मुंबई से गोरखपुर के बीच चलेगी फेस्टिवल स्पेशल

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुंबई और गोरखपुर के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 01079 मुंबई-गोरखपुर फेस्टिवल स्पेशल 16 अक्तूबर से 16 नवंबर तक रोजाना चलेगी। ये ट्रेन मुंबई से रात 10:30 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 4:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा, मनकापुर, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए सुबह दस बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

18 अक्तूबर से शुरू होगी वापसी सेवा

वापसी में 01080 गोरखपुर-मुंबई फेस्टिवल स्पेशल 18 अक्तूबर से 18 नवंबर तक रोजाना चलेगी। ट्रेन गोरखपुर से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी और शाम 7:55 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद कानपुर, झांसी, भोपाल, इटारसी, भुसावल, नासिक और कल्याण होते हुए अगले दिन रात 12:40 बजे मुंबई पहुंचेगी। वहीं फेस्टिवल स्पेशल में 11 शयनयान, पांच जनरल और चार थर्ड एसी कोच लगाए जाएंगे। त्योहारी सीजन में इस ट्रेन के संचालन से मुंबई और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ पर यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे ने की तैयारी, चलाएगा 3000 से ज्यादा स्‍पेशल ट्रेनें