CJP नेताओं के समर्थन में बोले राहुल गांधी, तिरंगा फहराना अपराध नहीं, युवाओं को जेल भेजना कायरता

सीजेपी
हिरासत में सीजेपी नेता।

आरयू वेब टीम। कॉकरोच जनता पार्टी के सह- संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने पर राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं व सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए राहुल ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान तिरंगा फहराना कोई अपराध नहीं है। इसके लिए युवाओं को जेल भेजना कायरता है। राहुल गांधी ने साफ कहा कि जंतर-मंतर देश की जनता का है और इसे वापस लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराते पकड़े गए सौरव दास-आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा तिहाड़ जेल

राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्टकर कहा जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में तिरंगा फहराना अपराध नहीं है। इसके लिए युवाओं को जेल भेजना कायरता है। उन्होंने कहा कि छात्र, युवा, पत्रकार और इंडिया गठबंधन भले ही अलग-अलग बैनर के तहत प्रदर्शन कर रहे हों, लेकिन सबकी लड़ाई एक है। सभी नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं।

अभिजीत दीपके ने पीएम नरेंद्र मोदी को बताया कायर

पीएम नरेंद्र मोदी को कायर बताते हुए सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी क्या गलती है? जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना। दीपके ने कहा “थोड़ी हिम्मत दिखाओ नरेंद्र मोदी। अगर आप विरोध की आवाज को दबाने के लिए इतने ही पक्के इरादे वाले हैं, तो इन कायरतापूर्ण तरीकों की आड़ मत लो। यह क्या कायरों की तरह अघोषित आपातकाल लगा रहे हो।  ‘मैं नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कायर मत बनो, दम है तो आपातकाल की आधिकारिक घोषणा करो।’ आप लोगों को जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने की वजह से हिरासत में ले रहे हो। तिरंगा लहराना कब से इस देश में पाप हो गया कि उसके लिए पांच दिन न्यायिक हिरासत में भेज रहे हो।

उन्हें अवैध हिरासत में गया रखा 

सीजेपी प्रमुख ने बार-बार ये कहा कि उनके नेताओं को सिर्फ इस वजह से गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया कि उन्होंने तिरंगा फहराया और भारत माता की जय के नारे लगाए। उन्होंने एक बार फिर अपनी बात को दोहराते हुए कहा, ‘उन्हें अवैध हिरासत में रखा गया। वकीलों से भी नहीं मिलने दिया गया। अब पांच दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया। किस चीज के लिए? क्या गुनाह था उनका? उनका गुनाह सिर्फ यही था कि वह जंतर-मंतर पर गए और वहां तिरंगा लहराया। नरेंद्र मोदी के राज में क्या जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराना पाप हो गया है? इस दौरान सीजेपी संस्थापक ने अपना रुख साफ कर कहा कि सबकी अपनी अलग पहचान है और वह आगे भी एक स्वतंत्र संगठन के तौर पर काम करेगी, हालांकी इंडिया गठबंधन के साथ उसका मुद्दा एक ही है।

…घुसपैठिया घोषित करना भारतीयता का अपमान खड़गे

गृह मंत्री द्वारा एसआइआर में बाहर 13.3 करोड़ भारतीयों को घुसपैठिया घोषित करना भारतीयता का अपमान है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद, जंतर- मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल से हटाकर…पहले वोट चोरी फिर विरोध करने के अधिकार की चोरी भाजपाई तानाशाही का प्रमाण है।

दिखाएंगे जनता की असली ताकत: एमके स्टालिन

वहीं एमके स्टालिन ने कहा, ”यह सरकार कितने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले सकती है? भाजपा कितने युवाओं की आवाज दबा सकती है? वे जितने ज्यादा युवाओं को जेल में डालेंगे, उतने ही ज्यादा आम नागरिक, जिनका किसी राजनीतिक दल से कोई लेना-देना नहीं है, सड़कों पर उतरेंगे और उन्हें जनता की असली ताकत दिखाएंगे!”

केजरीवाल ने भी गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

साथ ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अपने ही देश में अपना झंडा लहराना कोई अपराध है? यह बिल्कुल बेतुका है।

यह भी पढ़ें- प्रदर्शन करने जंतर-मंतर पहुंचे CJP के सौरव दास, आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में लिया