आरयू ब्यूरो, लखनऊ/वाराणसी। स्वच्छता कर्मी नींव के पत्थर हैं, जो दिखते नहीं है, लेकिन इमारत इसी पर खड़ी होती है। सर्दी, गर्मी, बरसात, आंधी-तूफान, त्योहार में भी स्वच्छता मित्र सड़कों पर उतरकर समाज को स्वच्छ वातावरण देते हैं। पहले आपका माहौल उत्सवमय करते हैं और अंत में अपने बच्चों का त्योहार मनवाते हैं। कुछ लोग अपने कृत्यों व कारनामों से गंदगी फैलाते हैं, लेकिन बड़ा तबका अपने पुरुषार्थ व परिश्रम से आमजन को स्वच्छ वातावरण देता है।
यह भी पढ़ें- वरुण विहार व नैमिष नगर योजना का CM योगी ने किया शुभारंभ, 4520 प्लॉट का रजिस्ट्रेशन शुरू
ये बाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित कर कही। साथ ही नगर निगम व जल निगम के स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया। कबीरचौरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित इस समारोह में जन- कल्याणकारी कार्यों के संदर्भ में लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता मित्र स्थानीय सांसद पीएम नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ काशी’ मिशन को धरातल पर उतार रहे हैं।
माफिया की जमीन पर बनाने जा रही हाईराइज बिल्डिंग
इस दौरान विपक्ष को निशाने पर लेते हुए योगी ने कहा कि सरकार निर्माण समेत बड़े कार्य कर सकती है, लेकिन उसके संरक्षण व सुरक्षा की जिम्मेदारी जागरूक समाज व जनता की होती है। यदि जनता जागरूक नहीं है तो बड़े से बड़े निर्माण को भी धराशायी होने में देर नहीं लगती। प्रयागराज में माफिया ने जमीन पर कब्जा कर लिया था, उसे खाली कराकर सरकार गरीबों, दलितों, वंचितों के लिए हाईराइज बिल्डिंग बनाने जा रही है।
मंथरा बुद्धि वालों की दुर्गति छिपी नहीं
योगी ने विपक्ष पर तंज कसा कि मंथरा बुद्धि वालों की दुर्गति किसी से छिपी नहीं है। जनप्रतिनिधि को भी जागरूक होना चाहिए। जब जनप्रतिनिधि ही 12 बजे सोकर उठेगा और परिवार को ही समाज व प्रदेश मानने की भूल करेगा तो दुर्गति तय है। जिन लोगों ने समाज, प्रदेश व देश को परिवार माना, वही परिवर्तन ला सकते हैं।
पैसा काटने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सीएम ने कहा कि हमने यूपी में तय किया है कि स्वच्छता कर्मियों का पैसा काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। हम मानदेय की गारंटी दे रहे हैं। अब यूपी आउटसोर्स निगम काम कर रहा है। 16 हजार रुपये न्यूनतम मानदेय मिलना चाहिए। ईएसआई के तहत उपचार के लिए हॉस्पिटल की सुविधा मिलनी चाहिए। कार्मिकों को सुरक्षा बीमा मिलेगा, ताकि हादसे पर परिवार के लोग लाचार न हों। पीएफ भी कटेगा। सेवानिवृत्त होने पर उसके पास खुद की पूंजी होगी और बैंक से इस पर ब्याज भी मिलेगा, जिससे वह बच्चों पर आश्रित नहीं होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दस स्वच्छता मित्रों रोहित रावत, राजकुमार, पूर्णमासी, आशुतोष, दिनेश, सुनील, रेखा, अल्पना, वसीम, चिंता देवी को माला पहनाकर, अंगवस्त्र व उपहार देकर सम्मानित किया।




















