आरयू ब्यूरो, लखनऊ। खाड़ी देशों में जाने वाले हजारों यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सऊदी अरब पर हमलों से विमान सेवा प्रभावित हो रही है। इस कारण एयरलाइन फ्लाइनास की लखनऊ से दम्माम की सीधी उड़ान रविवार से बंद की जा रही है। इसकी दम्माम से लखनऊ व वापसी की उड़ान शनिवार को रवाना हुई। रविवार से इसकी सेवा नहीं मिलेगी।
दरअसल फ्लाइनास का विमान एक्सवाई-896 दम्माम से रात 10:45 बजे उड़ान भरकर सुबह सवा पांच बजे लखनऊ पहुंचता है। अमौसी से उड़ान एक्सवाई-320 शाम सवा पांच बजे रवाना होकर सवा छह घंटे बाद दम्माम पहुंचती है। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि 28 अक्तूबर से लखनऊ से रियाद की सेवा बहाल हो सकती है।
लखनऊ से दम्माम के बीच सीधी उड़ानों के बंद होने से यात्री कनेक्टिंग विमानों के सहारे हो गए हैं। एयरवॉक ट्रैवल एजेंसी के आतिफ ने बताया कि शनिवार को दम्माम से लखनऊ के कनेक्टिंग विमान का किराया 6,16,777 रुपये पहुंच गया था। शुक्रवार का इसका किराया 1,39,652 रुपये था।
यह भी पढ़ें- इंडिगो का बड़ा फैसला, जेद्दा-दम्माम समेत तीन शहरों की उड़ानें 27 अक्टूबर तक की रद्द
गौरतलब है कि लखनऊ से दम्माम की सीधी उड़ान बंद होने का असर उन यात्रियों पर पड़ सकता है, जो काम, कारोबार या अन्य जरूरी कारणों से सऊदी अरब आते-जाते हैं। कनेक्टिंग फ्लाइट के महंगे किराये के कारण उनकी यात्रा का खर्च बढ़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि टिकट बुक करने से पहले उड़ान की ताजा स्थिति की पुष्टि करें और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी लें।


















