आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के नेता और मंत्रियों के बाद बहुजन समाज पार्टी मुखिया मायावती ने भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रिया दी है। बसपा प्रमुख ने बिना नाम लिए खड़गे पर तंज कसते हुए कहा की भारतीय राजनीति में आपसी अविश्वास, द्वेष, कटुता और आरोप-प्रत्यारोप का गिरता स्तर अति चिंतनीय है।
बसपा सुप्रीमो ने मंगलवार को एक्स पर पोस्टकर कहा कि “भारतीय राजनीति में आपसी अविश्वास, द्वेष, कटूता, आरोप-प्रत्यारोप आदि का स्तर, गिरते-गिरते अब व्यक्तिगत स्तर पर भी काफी बेलगाम होकर असंसदीय, अमर्यादित, अपमानजनक, संकीर्ण व जातिवाद से ग्रसित होता हुआ, हिंसक बयानबाजी तक भी पहुंच जाना अति-दुखद तथा देश की गरिमा व मान-मर्यादा आदि के लिये भी अति-चिंतनीय।”
अगर समुचित सम्मान नहीं तो…
साथ ही बसपा चीफ ने कहा कि “इससे बढ़कर शीर्ष स्तर पर भी आसीन लोगों के लिये एक-दूसरे के लिये अगर समुचित सम्मान नहीं तो आपत्तिजनक एवं विषैली राजनीति को अवश्य ही किसी भी प्रकार से बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिये। वरना खासकर बढ़ती संकीर्ण व गरीब-विरोधी स्वार्थी राजनीति के प्रचलन के कारण लोगों का भरोसा यहां की राजनीतिक व्यवस्था पर कमजोर होना कतई भी देश व जनहित में नहीं होगा।”
नेताओं के बीच नाक की लड़ाई
वहीं नेताओं को सलाह देते हुए मायावती ने कहा कि “वैसे भी सरकारी स्तर पर व्यापक भ्रष्टाचार व चुनावी प्रक्रिया पर भी ऊंगली उठने के कारण जनता में पहले से ही काफी बेचैनी है और ऐसे में नताओं के बीच आपस में नाक की लड़ाई स्थिति को और भी अधिक विषम बना रही है, जबकि जनता की चाहत देश की बढ़ती गरीबी, बेरोजगारी व महंगाई आदि जैसी ज्वलंत समस्याओं के निदान पर सभी का ध्यान केंद्रित करने की है।”
यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले एक लाख नौकरी देने के सीएम योगी के ऐलान को मायावती ने बताया सही
पूर्व सीएम ने कहा “ऐसे में खासकर सभी पार्टियों व उनके नेताओं के बीच अशोभनीय टीका-टिप्पणी व बयानबाजी का बढ़ता हुआ होड़ यहां राजनीतिक माहौल को और भी अधिक कड़वा व विषैला बनायेगा, जो अनुचित। सभी लोग इस ओर जरूर समुचित ध्यान दें तो यह बेहतर।”
मोदी का बाप भी जायेगा
बता दें कि बिहार में कार्यक्रम के दौरान जब खरगे देश के मौजूदा राजनीतिक हालात और केंद्र सरकार की नीतियों पर बात कर रहे थे, तभी उन्होंने बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा की सरकारों पर निशाना साधा। खरगे ने इन सरकारों को “चोरी की सरकार” और “वोट चोरी वाली सरकार” करार दिया। इसी दौरान बापू सभागार में मौजूद एक व्यक्ति ने जोर से कहा, “मोदी कभी नहीं जाएगा।” इस पर मंच से तुरंत जवाब देते हुए खरगे ने गरजते हुए अंदाज में कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा!” खरगे के इस बयान के बाद सभागार में मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों के बीच जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई और काफी देर तक हंगामे का माहौल बना।




















