दिवाली-छठ पर गोरखपुर-दानापुर के लिए रेलवे चलाएगा दो स्‍पेशल ट्रेनें, चेक करें रूट

स्पेशल ट्रेन

आरयू वेब टीम। दीपावली और छठ के मौके पर घर जाने वाले लोगों के लिए रेलवे ने दो और स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये स्पेशल ट्रेनें भोपाल से गोरखपुर और दानापुर के लिए चलाई जाएंगी। उत्तर मध्य रेलवे ने इन दोनों स्पेशल ट्रेनों की सभी डिटेल्स शेयर की हैं। ये ट्रेनें भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से चलाई जाएंगी, जिसका पुराना नाम हबीबगंज था।

रानी कमलापति से गोरखपुर तक चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 01663, रानी कमलापति-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन शनिवार सात नवंबर को शाम 18:45 बजे प्रस्थान करेगी। ये ट्रेन रविवार को दोपहर 12:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में, गोरखपुर से रानी कमलापति तक चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 01664, गोरखपुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन सोमवार नौ नवंबर को सुबह 07:50 बजे प्रस्थान करेगी और मंगलवार को आधी रात 01:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में वंदे भारत का एक्सीडेंट, तेज रफ्तार ट्रेन की ट्रैक पर आई गाय, जोरदार टक्कर से यात्रियों में मचा हड़कंप

वहीं रानी कमलापति और गोरखपुर के बीच चलाई जाने वाली ये ट्रेन विदिशा, बीना जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, बादशाहनगर, बुढ़वल, गोंडा जंक्शन, मनकापुर जंक्शन, बस्ती और खलीलाबाद रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में सेकेंड क्लास एसी का एक, थर्ड क्लास एसी का एक, स्लीपर क्लास के दस, जनरल क्लास के चार और एसएलआरडी के दो डिब्बे समेत कुल 18 डिब्बे होंगे।

चलाई जाने वाली है ये ट्रेनें

इसके अलावा रानी कमलापति से दानापुर तक चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 01661, रानी कमलापति- दानापुर स्पेशल ट्रेन बुधवार, 11 नवंबर को दोपहर 14:25 बजे प्रस्थान करेगी। ये ट्रेन गुरुवार को सुबह 09:15 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में, दानापुर से रानी कमलापति तक चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 01662, दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन गुरुवार, 12 नवंबर को सुबह 11:20 बजे प्रस्थान करेगी और शुक्रवार को आधी रात 00:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।

होंगे कुल 18 डिब्बे

रानी कमलापति और गोरखपुर के बीच चलाई जाने वाली ये ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, गाडरवारा, कटनी नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में थर्ड क्लास एसी का एक, एसी चेयर कार का एक, स्लीपर क्लास के दस, जनरल क्लास के चार और एसएलआरडी के दो डिब्बे समेत कुल 18 डिब्बे होंगे।

यह भी पढ़ें- त्‍योहारों की भीड़ से निपटने के लिए रेलवे ने बढ़ाए ट्रेनों के 6200 फेरे, 30 नवंबर तक चलेंगी 36 सौ स्‍पेशल ट्रेनें