यूपी में 52 PCS अफसरों को चयन वेतनमान में मिली पदोन्नति

पीसीएस

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। त्योहार के मौके पर उत्तर प्रदेश में 52 सिविल सेवा अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। यूपी सरकार ने इन अधिकारियों को 6,600 रुपये ग्रेड पे से बढ़ाकर 7,600 रुपये ग्रेड पे के चयन वेतनमान में प्रमोशन देने की मंजूरी दी है। इस संबंध में नियुक्ति विभाग ने शनिवार को आधिकारिक आदेश जारी किया है।

जारी आदेश में सभी 52 अधिकारियों के नाम, उनके बैच और मौजूदा तैनाती की जानकारी दी गई है। इस फैसले से अधिकारियों के वेतनमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि, यह बढ़ोतरी उनके वर्तमान पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी। खास बात ये है कि इस सूची में 2012, 2013 और 2014 बैच के अधिकारी शामिल हैं। इनमें कई अधिकारी जिलों में अपर जिलाधिकारी, मंडल में अपर आयुक्त और अलग-अलग सरकारी संस्थानों में सचिव व अन्य पदों पर तैनात हैं।

जारी सूची में 2012 बैच के दो, 2013 बैच के 25 और 2014 बैच के 25 अधिकारी शामिल हैं। इनकी तैनाती उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों, मंडलों और सरकारी संस्थानों में है। सूची में लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, अयोध्या, वाराणसी, बरेली, कानपुर, गोंडा, मुरादाबाद और सहारनपुर समेत कई जगहों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- UP: सीनियर IAS अफसरों के विभागों में फेरबदल, मिली ये जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश शासन के नियुक्ति अनुभाग-3 की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के मुताबिक, विभागीय चयन समिति की संस्तुति पर इन अधिकारियों को पदोन्नति देने का फैसला लिया गया है। पहले ये अधिकारी वेतन बैंड-3 में 15,600 से 39,100 रुपये के वेतनमान और 6,600 रुपये ग्रेड पे (लेवल-11) में काम कर रहे थे। अब इन्हें 15,600 से 39,100 रुपये के वेतन बैंड में 7,600 रुपये ग्रेड पे (लेवल-12) का चयन वेतनमान दिया गया है। इसका लाभ अधिकारियों को उनके वर्तमान पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से मिलेगा।

इन्हें मिली पदोन्नति

चयन वेतनमान पाने वाले 52 पीसीएस अधिकारियों  में सुशील प्रताप सिंह (सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण) और रजनीश कुमार मिश्रा (अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, शाहजहांपुर ) शामिल हैं। ये दोनों ही 2012 बैच के अधिकारी हैं। इस बीच, 2013 बैच के अधिकारियों में हिमांशु कुमार गुप्ता (सचिव, बरेली विकास प्राधिकरण), अपर आयुक्त राजेश कुमार यादव-I, जुबेर बेग, अमित कुमार भट्ट, ममता मालवीय, राहुल यादव, विनीत कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह और रामजी मिश्रा के नाम शामिल हैं।

2014 बैच के अधिकारियों की पदोन्नति

इस प्रक्रिया में कई और नाम भी शामिल है। जैसे- 2014 बैच के अधिकारियों में अभिनव रंजन श्रीवास्तव, दिनेश, गौरव श्रीवास्तव, सूर्यकांत त्रिपाठी, शशि भूषण राय, दीपाली भार्गव, विनय कुमार सिंह-II, अभय कुमार पांडे-II, अमित कुमार, विवेक चतुर्वेदी और सुनील कुमार। ये अधिकारी वर्तमान में अयोध्या, लखनऊ, महोबा, बरेली, हरदोई, वाराणसी, कानपुर और फतेहपुर सहित विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी में 11 PCS अफसरों का तबादला, संजय कुमार बनें अपर नगर आयुक्‍त लखनऊ नगर निगम