आरयू स्पोर्ट्स डेस्क। महिला प्रीमियर लीग का पांचवां सीजन जनवरी 2027 में शुरू होने जा रहा है, जो फरवरी के पहले हफ्ते तक चलेगा। इस टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों की नीलामी भी हो चुकी है और बीसीसीआइ ने टूर्नामेंट का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। मगर टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक दो महीने पहले भारतीय बोर्ड ने टूर्नामेंट के एक वेन्यू में बदलाव किया है। डब्ल्यूपीएल 2027 सीजन का आयोजन दो शहरों, वडोदरा और मुंबई में होना है। बीसीसीआइ ने इसमें मुंबई के वेन्यू में बदलाव किया है। मुंबई राउंड के सारे मैच अब वानखेडे स्टेडियम में खेले जाएंगे।
बीसीसीआइ ने रविवार 15 नवंबर को एक प्रेस रिलीज में ये ऐलान किया। इसके मुताबिक 14 जनवरी से शुरू हो रहे डब्ल्यूपीएल 2027 सीजन में आखिरी 11 मैच मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआइ) ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले जाने थे। इन मुकाबलों की शुरुआत 26 जनवरी से होनी है। मगर अब ये सारे मैच में ब्रेबोर्न की जगह वानखेडे स्टेडियम में आयोजित होंगे। हालांकि मुकाबलों के शेड्यूल में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है।
बीसीसीआइ ने बताया कि ये फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के निवेदन के बाद किया गया है। असल में भारत को फरवरी 2027 में पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करनी है। ये टूर्नामेंट 14 फरवरी से शुरू होगा और इसका वेन्यू भी ब्रेबोर्न स्टेडियम ही है। ऐसे में आइसीसी ने भारतीय बोर्ड को रिक्वेस्ट की थी कि डब्ल्यूपीएल के मुकाबलों का वेन्यू बदला जाए, ताकि चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इस मैदान की पिच तरोताजा रहें। बीसीसीआइ ने इस रिक्वेस्ट को स्वीकार किया और वेन्यू को बदल दिया।
यह भी पढ़ें- साउथ अफ्रीका दौरे के लिए BCCI ने किया टीम इंडिया का ऐलान, स्मृति मंधाना करेंगी कप्तानी
टूर्नामेंट की शुरुआत 14 जनवरी से वडोदरा में होगी और ये सात फरवरी को मुंबई में होने वाले फाइनल के साथ खत्म होगा। वडोदरा में 14 से 24 जनवरी तक लीग राउंड के शुरुआती 11 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद 26 जनवरी से सात फरवरी तक अगले 11 मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में होंगे। मुंबई में ही एलिमिनेटर और सात फरवरी का फाइनल भी खेला जाएगा। टूर्नामेंट के कार्यक्रम में बाकी कोई बदलाव नहीं हुआ है और सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
यह भी पढ़ें- टीम इंडिया को मिला नया चीफ सिलेक्टर, BCCI ने प्रज्ञान ओझा को दी जिम्मेदारी




















