दीपक राजावत होंगे एयर इंडिया एक्सप्रेस के नए CEO, एक दिसंबर से संभालेंगे पद

एयर इंडिया एक्सप्रेस

आरयू वेब टीम। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बुधवार को दीपक राजावत को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की घोषणा की है। एयरलाइन के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। दीपक राजावत एक दिसंबर 2026 से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। फिलहाल वह एयर इंडिया एक्सप्रेस में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) के पद पर कार्यरत हैं।

दीपक राजावत ने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस इस समय विस्तार के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रही है। उनकी प्राथमिकता यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और एयरलाइन को तकनीक आधारित, कुशल और कस्टमर सेंट्रिक कंपनी के रूप में आगे बढ़ाने की होगी।

…विकास यात्रा में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका 

वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने कहा कि दीपक राजावत के पास वित्तीय प्रबंधन, कमर्शियल ऑपरेशंस और एविएशन सेक्टर का लंबा अनुभव है। उन्होंने विस्तारा और एयर इंडिया एक्सप्रेस, दोनों की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव एयर इंडिया समूह के विस्तार और बदलाव की रणनीति को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।

फाइनेंस सेक्टर में 20 साल से ज्यादा का अनुभव

दीपक राजावत के पास एविएशन और फाइनेंस सेक्टर में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। एयर इंडिया एक्सप्रेस में सीएफओ के तौर पर उन्होंने कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के साथ एयरलाइन के विस्तार और एयर इंडिया समूह में एकीकरण की प्रक्रिया में अहम रोल निभाया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस से पहले दीपक राजावत विस्तारा एयरलाइन से जुड़े थे।वह विस्तारा की शुरुआत से ही कंपनी का हिस्सा रहे और कॉरपोरेट प्लानिंग, विमान अधिग्रहण और फाइनेंस जैसे विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर काम किया।

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया के CEO कैम्पबेल विल्सन का इस्तीफा

वहीं विस्तारा के चीफ कमर्शियल ऑफिसर के तौर पर दीपक राजावत रेवेन्यू मैनेजमेंट, नेटवर्क प्लानिंग, सेल्स, मार्केटिंग, ब्रांडिंग और कस्टमर एक्सपीरियंस जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल के दौरान विस्तारा घरेलू बाजार हिस्सेदारी के लिहाज से देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन बनी। एयरलाइन ने स्काईट्रैक्स की दुनिया की शीर्ष 20 एयरलाइंस की लिस्ट में भी जगह बनाई थी।

यह भी पढ़ें- US में एयर ट्रैफिक की तकनीकी खराबी के बीच एयर इंडिया ने भी जारी की एडवाइजरी