नवी मुंबई-अबू धाबी के लिए सीधे चलेगी फ्लाइट, एयर इंडिया ने किया ऐलान

एयर इंडिया एक्सप्रेस

आरयू वेब टीम। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रविवार को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अबू धाबी के बीच सीधी उड़ानें शुरू करने का ऐलान किया है। साथ ही यह महाराष्ट्र के सबसे नए एयरपोर्ट से इंटरनेशनल उड़ानें शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई है। एयरलाइन के अनुसार यह नई सर्विस 15 जुलाई से शुरू होगी।

जानकारी के मुताबिक शुरुआत में ये सर्विस हफ्ते में दो बार बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। इसके बाद 29 जुलाई से रविवार को भी एक सर्विस जोड़ी जाएगी जिससे उड़ानों की संख्या बढ़कर हफ्ते में तीन हो जाएगी। शुरुआती शेड्यूल के तहत उड़ानें अबू धाबी से सुबह 5:45 बजे निकलेंगी और नवी मुंबई सुबह 10:20 बजे (लोकल समय) पहुंचेंगी।

वहीं वापसी की उड़ान नवी मुंबई से रात 2:55 बजे निकलेगी और अबू धाबी सुबह 4:35 बजे (लोकल समय) पहुंचेगी। अबू धाबी सर्विस शुरू होने के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस नवी मुंबई से हफ्ते में 30 उड़ानें संचालित करेगी जो, एयरपोर्ट को सीधे अबू धाबी, बेंगलुरु और दिल्ली से जोड़ेंगी।

एयरलाइन ने कहा कि महाराष्ट्र में उसकी मौजूदगी लगातार बढ़ रही है। वह मुंबई से हफ्ते में 95 से ज़्यादा पुणे से सौ से ज्यादा और नागपुर से 14 उड़ानें संचालित करती है। एयरलाइन ने कहा कि इस सर्विस के शुरू होने से मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के यात्रियों को यूएई जाने का एक और रास्ता मिलेगा जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रा में ज्यादा सुविधा और विकल्प मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- पटना जा रही इंडिगो फ्लाइट की लखनऊ में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, कई उड़ानें कैंसिल

इसके अलावा इस रूट के लिए बुकिंग अब एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और दूसरे बुकिंग चैनलों के ज़रिए शुरू हो गई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत और वेस्ट एशिया के बीच सबसे बड़े नेटवर्क में से एक चलाती है जो कई भारतीय शहरों को बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई के शहरों से जोड़ती है। ये घोषणा ऐसे समय में की गई है जब एयरलाइंस नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपना ऑपरेशन लगातार बढ़ा रही हैं।

यह भी पढ़ें- 154 यात्री को दुबई से काठमांडू लेकर जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग