CM योगी की मां सावित्री देवी का निधन, पैतृक गांव में ली अंतिम सांस

योगी की मां
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। सावित्री देवी ने उत्तराखंड के पौड़ी के पैतृक गांव पंचुर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। सीएम योगी की माता के निधन की जानकारी पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार के हवाले से सामने आई है। योगी को जिस समय उनकी मां के निधन की सूचना दी गई, वह गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे।

मिली जानकारी के मुताबिक सीएम योगी की माता सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। वह पौड़ी जिले के पंचुर गांव में रहती थीं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जा सकता है। हालांकि इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें- फूलचट्टी गंगा तट पर हुआ CM योगी के पिता आनंद बिष्‍ट का अंतिम संस्कार, बड़े भाई ने दी मुखाग्नि

पौड़ी एसएसपी के मुताबिक सीएम योगी की मां बीमार थीं। डॉक्टर को भी उनके घर बुलाया गया था। उनका निधन गांव में ही हुआ है। सावित्री देवी के निधन की पुष्टि पौड़ी के जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने की है।

बता दें कि सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को 89 साल की उम्र में मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के दिल्ली के एम्स अस्पताल में हुआ था। उस समय कोरोना लॉकडाउन के प्रतिबंधों का हवाला देते हुए योगी पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए थे।

यह भी पढ़ें- CM योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन,एम्स में ली अंतिम सांस