आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस -वे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से तेज रफ्तार एंबुलेंस जा टकराई। हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा टीम ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।
मिली जानकारी के मुताबिक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरावां गांव के पास 53.3वें किलोमीटर पर शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से टकरा गई है। एक राहगीर ने 112 कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा टीम पहुंची। साथ ही एंबुलेंस का दरवाजा तोड़कर काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में शव रखा हुआ था, जिसे उनके परिजन और एंबुलेंस के चालक जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे। रास्ते में बाराबंकी के पास यह हादसा हो गया। हादसे में दो भाइयों समेत एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की जान चली गई। शुरुआती जानकारी में मृतकों में रफीकुल हक और अमीनुल हक का नाम सामने आया। दोनों अजीजुल हक के भाई बताए गए हैं, जिसका शव लेकर जारहे थे। इसके अलावा एंबुलेंस के दोनों चालकों की भी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल
हैदरगढ़ कोतवाल अनिल कुमार पांडे के मुताबिक, हादसे में मारे गए लोगों के शवों की पहचान कर उनके परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। पहचान संबंधी जानकारी में राजस्थान के अलवर जिले के पीपल खेर निवासी जय सिंह के बेटे हरि ओम योगी, पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मध्य बाला भूत निवासी अमिनूर हक और सुकनस पुकानगंज मुली वाला भूत निवासी रूपिक का नाम सामने आया है।
वहीं राजस्थान के जयपुर स्थित जवाहर नगर कच्ची बस्ती निवासी मकबूल खान के बेटे शुमान का नाम भी पहचान संबंधी विवरण में दिया गया है। पांचवें मृतक की पहचान एंबुलेंस चालक आलम के रूप में बताई गई है, जो पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के सुल्तानगंज क्षेत्र के निवासी थे।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। सुबेहा थाना निरीक्षक बेचू सिंह ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है।




















