शिमला में भूकंप से हिली धरती, घरों से बाहर भागे लोग

भूकंप के झटके
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू वेब टीम। हिमाचल प्रदेश में आ रहे भूकंप का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार को धरती हिलने से लोग सहम गए। सभी अपने-अपने घरों से बाहर भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। हालांकि गनीमत रही कि  किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) ने भूकंप को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि रविवार 22 नवंबर को सुबह छह बजकर 29 मिनट और दो सेकंड पर भूकंप आया। इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई, जबकि जमीन के अंदर इसकी गहराई आठ किलोमीटर दर्ज की गई। एनसीएस की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र शिमला जिले में 31.422 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.783 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था।

यह भी पढ़ें- अब मध्‍य प्रदेश में आया भूकंप, घरों से निकले लोग

इससे पहले 14 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस दौरान भूकंप की तीव्रता 3.0 मापी गई थी। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) के अनुसार, धरती के अंदर 700 किलोमीटर तक की गहराई में भूकंप आ सकते हैं। वैज्ञानिकों ने भूकंप की गहराई को तीन हिस्सों में बांटा है। इनमें 0 से 70 किलोमीटर तक की गहराई वाले भूकंप उथले, 70 से 300 किलोमीटर तक वाले मध्यम और 300 से 700 किलोमीटर तक की गहराई वाले भूकंप गहरे भूकंप कहलाते हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल से तेलंगाना तक कांपी धरती, दो राज्यों में भूकंप के झटके से डरे लोग