आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ आइपीएस अफसर आलोक सिंह ने वीआरएस ले लिया है। रविवार को योगी सरकार ने आलोक सिंह के वीआरएस को मंजूरी भी दे दी है। इसके बाद आलोक सिंह को यूपी लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष का पद संभालेंगे। अभी इस पद पर संजय श्रीनेत्र कार्यरत थे और बीते 21 नवंबर को उनका कार्यकाल खत्म हो गया।
दरअसल लोकसेवा आयोग में आलोक सिंह की अध्यक्ष पद की नियुक्ति को लेकर तीन दिन पहले ही विशेष सचिव, कार्मिक अमीम कुमार सिंह की ओर से आदेश भी जारी किया जा चुका है। पूर्व आइपीएस का कार्यकाल उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से 23 जनवरी, 2029 तक रहेगा। आलोक सिंह की जन्म तिथि 24 जनवरी 1967 है। ऐसे में भारत का संविधान के अनुच्छेद 316 में प्राविधानित व्यवस्था के अनुसार आलोक सिंह का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष के पद पर कार्यकाल 23 जनवरी 2029 तक रहेगा।
आलोक सिंह आइपीएस के कार्यकाल के दौरान 11 जिलों के एसएसपी रहे। 2010 से 2014 तक यह केंद्र सरकार के कई मंत्रियों के निजी सचिव भी रहे। जिसमें विदेश, कानून व उद्योग मंत्रालय शामिल हैं। फिर यह 2017 तक नागरिक उड्ययन सुरक्षा से जुड़े और यह एयर इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (सिक्योरिटी) के पद पर कार्यरत रहे। वर्ष 2017 से 2020 तक वह कानपुर व मेरठ जोन के आइजी रहे।
यह भी पढ़ें- नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर रहे आलोक सिंह DG पद पर प्रोन्नत
वहीं जनवरी 2020 में वह गौतमबुद्ध नगर के पहले पुलिस कमिश्नर बनाए गए। जहां पर उन्होंने माफियाओं के नेटवर्क को तोड़ा। 27 दिसंबर 2022 को इन्हें एडीजी के पद पर प्रोन्नति देते हुए कानपुर जोन का एडीजी बनाया गया। 21 मई 2026 को इन्हें डीजी पीएसी के पद पर तैनाती दी गई। इन्हें भारतीय पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गैलेंट्री मेडल के साथ-साथ प्रेसिडेंट पुलिस मेडल, उत्कृष्ट सेवा पदक व अति उत्कृष्ट सेवा पदक सहित अन्य पदक भी मिले हैं।




















